देहरादून की राजपुर थाना पुलिस ने एक नाबालिग की शादी रुकवाई। दरअसल पुलिस को एक मंदिर में चल रहे शादी समारोह में दुल्हन के नाबालिग होने की सूचना मिली थी। मौके पर पुलिस पहुंची तो हंगामा हो गया। पुलिस दुल्हन और उसके परिवार वालों को थाने लाई और मामला जाना और और परिवार वालों को चेतावनी दे छोड़ दिया।थानाध्यक्ष राजपुर राकेश शाह ने बताया कि दुल्हन की उम्र को लेकर संशय था। इसलिए दुल्हन और उसके स्वजनों को थाने लाया गया था। चाइल्ड वेलफेयर कमेटी भी मौके पर पहुंच गई। लिखा-पढ़ी के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को राजपुर स्थित एक मंदिर में शादी समारोह का आयोजन चल रहा था। इसी बीच चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचना मिली कि मंदिर में जिस लड़की की शादी कराई जा रही है, वह अभी नाबालिग है। चाइल्ड हेल्पलाइन ने तत्काल इसकी सूचना राजपुर थाना पुलिस को दी। पुलिस मंदिर पहुंची और शादी समारोह रुकवाया। इसके बाद पुलिस लड़की और उसके परिवार वालों को थाने लेकर आ गई। तब तक चाइल्ड हेल्पलाइन से संगीता, वन स्टॉप सेंटर से रेखा भंडारी, बाल विकास विभाग से नजमा और स्थानीय पार्षद कमल थापा भी थाने पहुंचे। जानकारी मिली कि लड़की की उम्र अभी 16 साल है। हालांकि, लड़की के परिवार वाले ये मानने को तैयार नहीं हुए।
उन्होंने पुलिस से कहा कि लड़की की उम्र 19 साल है। लड़की के परिवा वालों ने पुलिस को एक शपथपत्र भी दिखाया, जिसमें जिसमें दुल्हन की उम्र 19 साल और दूल्हे की उम्र 23 साल दिखाई गई थी। पुलिस ने लड़की पक्ष वालों को कोई अन्य दुल्हन की आयु का कोई प्रमाणपत्र दिखाने के लिए कहा लेकिन वो नहीं दिखा पाए। वहीं बता दें कि दुल्हन की मां ने स्वीकारा की उनकी बेटी 16 साल की है और उन्हें नहीं पता था कि इस उम्र में शादी करने अपराध है। पुलिस ने परिवार वालों को चेतावनी देकर घर भेजा।