मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने सोमवार को बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति और बिजनेसमैन राज कुंद्रा को पोर्न फिल्में बनाने तथा उन्हें ऐप पर रिलीज करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि उनके पास राज कुंद्रा के खिलाफ पर्याप्त सबूत हैं और उन्हें गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
मेडिकल जांच के बाद राज कुंद्रा को आज मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। वहीं राजकुंद्रा की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। राज कुंद्रा की टीम में शामिल एक डायरेक्टर के ऊपर पॉर्नोग्राफी का आरोप लगाने वाली एक महिला भी सामने आई है। ये महिला फिल्मों में ब्रेक चाहती थी। महिला ने मीडिया चैनल्स को दिए एक बयान में राज कुंद्रा की टीम में शामिल एक डायरेक्टर पर शोषण के आरोप लगाए हैं।
मुंबई पुलिस कमिश्नर ने बताया कि क्राइम ब्रांच ने फरवरी 2021 में पोर्न फिल्में बनाने और उन्हें अलग-अलग ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज करने का एक केस दर्ज किया था। इसके बाद से ही पुलिस ने कई अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की थी। इसी मामले में राज कुंद्रा को मुख्य आरोपी के तौर पर गिरफ्तार किया गया है।
चार लोग पहले ही गिरफ्तार
इस मामले में राज कुंद्रा से पहले 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इन्हीं आरोपियों के बयान और टेक्निकल एविडेंस के आधार पर राज कुंद्रा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि इस मामले में राज कुंद्रा मुख्य आरोपी तथा मुख्य साजिशकर्ता है।
हॉट शॉट नाम की App पर पोर्न फिल्में होती थी रिलीज
मुंबई क्राइम ब्रांच का कहना है कि हॉट शॉट नाम की एक App बनाई गई थी। इस पर पोर्न फिल्मों को रिलीज किया जाता था। उसके बाद लोगों से पैसे लिए जाते थे। पुलिस के मुताबिक इस एप के मालिक राज कुंद्रा हैं। हालांकि राज कुंद्रा ने दावा किया था कि उनका इस एप से कोई लेना देना नहीं है।
फ्लैट्स में होती थी शूटिंग
वहीं मुंबई पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि पॉर्न फिल्में शूट करने के लिए फ्लैट्स किराए पर लिए जाते थे। इसके एवज में फ्लैट्स के मालिकों को मोटी रकम अदा की जाती थी।
वी ट्रांसफर बना जरिया
मुंबई पुलिस की जांच में सामने आया है कि पॉर्न फिल्मों को भारत के बाहर विदेशों से मोबाइल एप पर अपलोड किया जाता था। इसके लिए वी ट्रांसफर के जरिए फिल्मों को बाहर भेजा जाता था। ऐसा इसलिए किया जाता था कि ताकि भारत में पॉर्नोग्राफी को लेकर बनाए गए सख्त कानूनों से बचा जा सके। साइबर कानूनों से बचने के लिए ये तरीका निकाला गया था। बताया जा रहा है कि इसी लिए राज कुंद्रा ने अपनी कंपनी भी भारत से बाहर ही रजिस्टर्ड करा रखी थी।