National

दिल्ली में बारिश ने तोड़ा रिकॉर्ड, सड़को पर भरा पानी, हिमाचल में नुकसान, जानें उत्तर भारत में मौसम का हाल

उत्तर भारत के कई राज्यों में बीते दो दिनों से हो रही बारिश से कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई है। वहीं अगले कुछ दिनों और भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, पंजाब और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बता दें कि दिल्ली में कल से लगातार बारिश हो रही है, जिससे सड़कों पर पानी भर आया है।

बारिश ने तोड़ा 41 साल का रिकॉर्ड

राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में जलभराव के कारण यातायात प्रभावित हो गया है। शहर में 24 घंटों में 153 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो 1982 के बाद से जुलाई में एक दिन में सबसे अधिक है। इस बारिश ने 41 साल का रिकॉर्ड तोड़ा है। दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में रविवार को भी भारी बारिश जारी रही। साथ ही गुरुग्राम के कई हिस्सों में भी जलभराव और बिजली कटौती की समस्या उत्पन्न हुई।

इन राज्यों में बारिश से नुकसान

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में रविवार सुबह बारिश के कारण एक घर गिर पड़ा, जिसमें एक महिला और उसकी छह साल की बेटी की मौत हो गई। इसी तरह की एक घटना में हिमाचल प्रदेश के शिमला में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। साथ ही जम्मू-कश्मीर में शनिवार को पुंछ जिले में अचानक आई बाढ़ से सेना के दो जवानों की मौत हो गई।

केरल के 4 जिलों में येलो अलर्ट

इधर, दक्षिण भारतीय राज्य केरल और कर्नाटक के कई इलाकों में भी लगातार बारिश हो रही है। आईएमडी ने केरल के चार जिलों- कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड में येलो अलर्ट जारी किया है।

हिमाचल प्रदेश के 7 जिलों में रेड अलर्ट

इसके साथ ही मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के सात जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। हिमाचल में कई जगह भूस्खलन से सड़कें बंद हो गई है।

Back to top button