सुप्रीम कोर्ट मोदी सरनेम मामले में सजा पर रोक लगाए जाने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की है। इस दौरान उन्होंने कहा है कि, आज नहीं तो कल या परसों सच्चाई की जीत होती है। मेरा रास्ता क्लियर है कि आगे क्या करना है। जिन लोगों ने मेरी मदद की, जनता ने जो प्यार और सहयोग दिया। उसके लिए धन्यवाद है।
आपको बता दें कि राहुल गांधी पर मोदी सरनेम मामले में केस चल रहा था। इस मामले में गुजरात हाईकोर्ट ने राहुल गांधी को दो साल की सजा सुनाई थी। इसके बाद न सिर्फ राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द कर दी गई थी बल्कि उनके भविष्य में भी चुनाव लड़ने पर सवाल लग गया था। राहुल गांधी ने इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में अपील की थी। सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी को मिली सजा पर रोक लगा दी है।
खड़गे बोले, लोकतंत्र की आवाज गूंजेगी
वहीं कांग्रेस ने इस मसले पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर खुशी जाहिर की है। कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा है कि, सुप्रीम कोर्ट का मैं तहेदिल से स्वागत करता हूं। अभी संविधान जिंदा है। न्याय मिल सकता है, इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। यह सिर्फ राहुल गांधी की जीत नहीं, बल्कि पूरे भारतीयों की जीत है। एक व्यक्ति सच्चाई के लिए लड़ता है, देशहित के लिए लड़ता है। बेरोजगार, महंगाई से लड़ता है। कश्मीर से कन्याकुमारी तक 4 हजार किमी से ज्यादा पैदल यात्रा की। गरीबों, डॉक्टरों हर वर्ग से मिले। आज उनकी दुआएं मिली हैं।
खड़गे ने कहा है कि, अब लोकतंत्र की आवाज गूंजेगी। राहुल गांधी को अयोग्य करने में 24 घंटे से कम समय लगे। अब देखने वाली होगी कि सांसदी बहाल करने में कितना समस्य लगेगा? ये तो दिल्ली की बात है, ऑर्डर भी जल्द पहुंच जाना चाहिए। हम इंतजार करेंगे। पीएम मोदी और बीजेपी को लग रहा होगा कि वे क्या कर बैठे थे? ये वोटरों की जीत है। ये वायनाड के लोगों की जीत है।