कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद सुप्रिया सुले ने कहा शरद पवार की बेटी होने पर गर्व, ये पद मुझे मेरी योग्यता के कारण मिला

एनसीपी प्रमुख शऱद पवार की बेटी को राष्ट्रवादी कांग्रेस का नया कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। नयी कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद सुप्रिया सुले का पहला बयान सामने आया है। सुप्रिया सुले ने कहा कि उन्हें शरद और प्रतिभा पवार की बेटी होने पर गर्व है और वह भाई-भतीजावाद या वंशवाद की राजनीति से कभी नहीं भागेंगी। उन्होनें कहा कि मुझमें विश्वास दिखाने के लिए मैं NCP के सभी कार्यकर्ताओं और शरद पवार की आभारी हूं। मेरी प्राथमिकता पार्टी को मजबूत करना, मजबूत संगठन को खड़ा करना और देश के लोगों की सेवा करना है:
सुप्रिया ने कहा बेटी होने पर गर्व है
शरद पवार द्वारा एनसीपी की कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के एक दिन बाद सुप्रिया ने कहा- ‘मैं भाई-भतीजावाद से दूर नहीं जा सकती क्योंकि मैं एक राजनीतिक परिवार में पैदा हुई हूं। मुझे प्रतिभा और शरद पवार की बेटी होने पर बहुत गर्व है। मैं इससे क्यों भागूं? मैंने संसद में भी यह कहा है”।
योग्यता के कारण बनी सांसद – सुप्रिया सुले
वहीं सुप्रिया ने आगे कहा कि हम वंशवाद की राजनीति के बारे में बात करते हुए प्रदर्शन के बारे में बात क्यों नहीं कर सकते? उन्होंने कहा कि मेरे संसद के प्रदर्शन को देखें, तभी मेरी काबिलियत का पता लग सकेगा। अब संसद मेरे पिता, चाचा या मेरी मां द्वारा नहीं चलाई जाती है। सुप्रिया ने कहा कि अगर लोकसभा में प्रदर्शन की बात आएगी तो मैं चार्ट के शीर्ष पर मिलूंगी। कोई वंशवाद की राजनीति नहीं है। यह योग्यता पर आधारित है।