पंजाब के मुख्यमंत्री रह चुके प्रकाश सिंह बादल का मंगलवार की रात 95 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्हें सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद पिछले हफ्ते ही मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती किया गया था। तकलीफ बढ़ने पर शुक्रवार को उन्हें आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया था। अस्पताल के मुताबिक उन्होंने रात करीब आठ बजे अंतिम सांस ली। वहीं उनके निधन पर राष्ट्रपति मुर्मु, पीएम मोदी सहित तमाम राजनेताओं ने उन्हें नमन किया है।
राष्ट्रपति मुर्मू ने दी संवेदनाएं
देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट किया कि प्रकाश सिंह बादल आजादी के बाद से सबसे बड़े राजनीतिक दिग्गजों में से एक थे। हालांकि सार्वजनिक सेवा में उनका अनुकरणीय करियर काफी हद तक पंजाब तक ही सीमित था, लेकिन देश भर में उनका सम्मान किया जाता था। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।
पीएम मोदी ने जताया दुख
पीएम मोदी ने पंजाब के पूर्व सीएम के निधन पर दुख जताते हुए ट्वीट किया कि श्री प्रकाश सिंह बादल जी के निधन से अत्यंत दु:ख हुआ। वह भारतीय राजनीति की एक महान हस्ती थे, और एक उल्लेखनीय राजनेता थे जिन्होंने हमारे देश के लिए बहुत योगदान दिया। उन्होंने पंजाब की प्रगति के लिए अथक परिश्रम किया और कठिन समय में राज्य को सहारा दिया।
पंजाब के सीएम ने जताया दुख
पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ।
राहुल गांधी ने जताया शोक
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट किया कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के पूर्व अध्यक्ष सरदार प्रकाश सिंह बादल जी के निधन का समाचार दुखद है। वे आजीवन भारत और पंजाब की राजनीति के एक कद्दावर नेता रहे। श्री सुखबीर सिंह बादल समेत उनके सभी शोकाकुल परिजनों और समर्थकों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।
दिल्ली के सीएम ने जताया दुख
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री सरदार प्रकाश सिंह बादल जी के निधन की बेहद दुखद जानकारी मिली। वाहेगुरू जी उनकी आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें। मेरी संवेदनाएं सुखबीर बादल जी एवं उनके पूरे परिवार के साथ हैं।
किसान नेता राकेश टिकैत ने जताया शोक
किसान नेता राकेश टिकैत ने लिखा कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री जिन्होंने पांच बार पंजाब को मुख्यमंत्री रह कर अपनी सेवा दी, शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल जी के निधन की खबर से मन को बहुत आघात पहुंचा। ईश्वर पुण्य आत्मा को श्री चरणों में जगह दे और परिवार को कष्ट सहने की शक्ति दे।
यूपी के सीएम योगी ने जताया दुख
यूपी के सीएम योगी ने ट्वीट किया कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री श्री प्रकाश सिंह बादल जी का निधन अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं. ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने परम धाम में स्थान तथा उनके शोकाकुल समर्थकों व परिजनों को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति दें। ॐ शांति।
अखिलेश यादव ने किया ट्वीट
सपा चीफ अखिलेश यादव ने ट्वीट किया कि देश के वरिष्ठ राजनेता एवं पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री श्री प्रकाश सिंह बादल जी का निधन, अत्यंत दुखद. ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति व शोक संतप्त परिवार को संबल प्रदान करें। भावभीनी श्रद्धांजलि।