उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवभूमि उत्तराखंड को कोटि कोटि नमन करते हुए बैसाखी, खालसा पंथ स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा देवभूमि का कंकड़-कंकड़ शंकर है। हर स्थल पवित्रता के भाव से भरा हुआ है। हमारी सरकारों ने उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच वर्षों से चली आ रही समस्याओं का समाधान निकाला है।
भाजपा समस्या नहीं समाधान में विश्वास करती है। समस्या का नाम कांग्रेस है, जिन्होंने हमेशा देश को समस्या दी। कांग्रेस ने देश को विभाजन, आतंकवाद, नक्सलवाद, जातिवाद, भ्रष्टाचार, की समस्या दी है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व बदलता हुआ भारत वैश्विक मंच पर 140 करोड़ भारतवासियों को सम्मान दे रहा है।
उत्तराखंड का नौजवान देश की सीमाओं की रक्षा कर रहा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तराखंड का नौजवान देश की सीमाओं की रक्षा कर रहा है। जिसकी बदौलत भारत रात में निश्चिंता के साथ सोता है। सरकार सैनिकों के साथ खड़ी है। देश में इंफ्रास्ट्रक्चर का जाल बिछाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मेरा बचपन उत्तराखंड में बीता है। पहले पानी की बहुत समस्या होती थी। पर आज 1000 में से 900 घरों में पानी पहुंच गया है। पीएम मोदी ने समस्या के समाधान का रास्ता निकाला है।
बीते सालों में गरीब कल्याण, आस्था का सम्मान, विकास, राष्ट्रीय सुरक्षा वैश्विक मंच पर भारत का सम्मान हुआ है। आजादी के बाद मोदी जी का कार्यकाल ही स्वर्णिम युग है। बीते 10 वर्ष में भारत ने जिन ऊंचाइयों को छुआ है। उनमें और तेजी आनी है। जिसके लिए मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने को अपना योगदान देना है।
कश्मीर में धारा 370 कांग्रेस की देन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कश्मीर में धारा 370 कांग्रेस की देन थी। जिसे कांग्रेस कभी नहीं हटा पाती। प्रधानमंत्री मोदी ने धारा 370 को हमेशा के लिए समाप्त कर दिया। उन्होंने कहा एक देश में दो विधान, दो प्रधान, दो निशान नहीं चलेगा। उन्होंने कहा उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता पास होने पर कांग्रेस को पीड़ा हो रही है।
समान कानून हर नागरिक के लिए तैयार होना ही चाहिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उनकी पूरी कैबिनेट को यूसीसी लाने पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कांग्रेस देश की आस्था का सम्मान कभी नहीं कर पाती। कांग्रेस ने ही अयोध्या में विवाद खड़ा किया। उन्होंने कहा कांग्रेस नेतृत्व वाली सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में एफिडेविट दाखिल किया था जिसमें कहा गया था कि राम और कृष्ण हुए ही नहीं।
जनता का एक गलत वोट से देश में फैलता था आतंकवाद
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार में सुरक्षा, समृद्धि, नौजवानों की आजीविका, आस्था का सम्मान, किया जा रहा है। उत्तराखंड प्रधानमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकता में रहा है। उत्तराखंड की नदियों का पानी उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने में सहायता प्रदान करता है। दोनों राज्य एक दूसरे से रसे बसे हैं। रक्षा उपकरणों का अब भारत निर्यात कर रहा है। पहले की सरकारों में नेतृत्व का अभाव था।
जनता का एक वोट गलत जाता था तो देश में आतंकवाद फैलता था। पर आज जनता के एक वोट ने देश का कायाकल्प कर दिया है। उन्होंने कहा विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों में भारत को पहुंचाने के लिए अजय भट्ट को पुनः सांसद तो मोदी जी को तीसरी बार पुनः देश का प्रधानमंत्री बनाना है।