देश में 21 जून को योग दिवस मनाया जाता है। वहीं योग दिवस से पहले पीएम मोदी ने मोदी के साथ योग नाम से एक वीडियो शेयर कर लोगों से योग को दिनचर्या में अपनाने की अपील की है। उन्होनें कहा कि योग शरीर की ताकत और मन की शांति दोनों को बढ़ाता है।
पीएम मोदी ने किया ट्वीट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर लोगों से योग करने की अपील की। उन्होनें ट्वीट में लिखा कि ‘योग शरीर और मन दोनों के लिए गहरा लाभ रखता है, शक्ति, लचीलापन और शांति को बढ़ावा देता है। आइए हम योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं और आगे की तंदुरूस्ती के साथ-साथ शांति भी। विभिन्न आसनों को दर्शाने वाले वीडियो का एक सेट साझा कर रहा हूं।‘
न्यूयॉर्क में करेंगे पीएम योग
21 जून को योग दिवस मनाया जाता है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में योग दिवस समारोह का नेतृत्व करेंगे। न्यूयार्क में 21 जून को होने वाले नौवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर 180 से अधिक देशों के लोग भाग लेंगे। यह संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के उत्तरी लान में सुबह आठ से नौ बजे के बीच होगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह देश में ही रहेंगे।
देश के राजनेता यहा करेंगे योग
वहीं देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कोच्चि में नौसेना के विमानवाहक पोत आइएनएस विक्रांत पर योग करते नजर आएंगे, जबकि गृह मंत्री अमित शाह राष्ट्रीय राजधानी में ही योग दिवस समारोह में हिस्सा लेंगे। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी महाराष्ट्र के नागपुर में, नरेंद्र सिंह तोमर उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर में, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ओडिशा में, पीयूष गोयल मुंबई में, स्मृति इरानी दिल्ली में, संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी कर्नाटक के हुबली में कार्यक्रम में शामिल होंगे।