Pauri GarhwalBig News

वन्यजीव हमलों पर CM सख्त: पौड़ी के DFO को हटाया, स्कूली नौनिहालों को मिलेगी एस्कार्ट की सुविधा

पहाड़ों में बढ़ते वन्यजीव हमलों पर मुख्यमंत्री सख्त नजर आ रहे हैं। गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में वन विभाग की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने मानव-वन्यजीव संघर्ष को खत्म करने के लिए वन विभाग के साथ ही शासन-प्रशासन के स्तर पर भी प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिये।

वन्यजीव हमलों पर सीएम धामी सख्त

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटना की सूचना मिलने के 30 मिनट के अन्दर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच जाए। इसके लिए संबंधित DFO और RO की जिम्मेदारी तय की जाए। सीएम ने कहा प्रभावितों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।

पौड़ी के DFO को दिए हटाने के निर्देश

सीएम ने पौड़ी में मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं के दृष्टिगत पौड़ी के DFO को तत्काल प्रभाव से वहां से हटाने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि जिन क्षेत्रों में जंगली जानवरों का अधिक भय है, ऐसे क्षेत्रों में स्कूली बच्चों को स्कूल तक छोड़ने और घर तक लाने के लिए वन विभाग और जिला प्रशासन द्वारा एस्कॉर्ट की व्यवस्था की जाए।

ये भी पढ़ें: पौड़ी में गुलदार की दहशत: स्कूलों का समय बदला, DM ने जारी किया आदेश

मुख्यमंत्री ने मानव-वन्यजीव संघर्ष में किसी परिवार के कमाने वाले व्यक्ति की मृत्यु होने पर सम्बंधित परिवार को आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े, ऐसी स्थिति में आजीविका में सहयोग के लिए वन विभाग दो सप्ताह के अंदर नीति बनाकर प्रस्तुत करे। जनपदों में मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के लिए जिन भी उपकरणों की आवश्यकता है, उन्हें यथाशीघ्र उपलब्ध कराया जाए।

वन्यजीवों से लोगों के जीवन को बचाना पहली जिम्मेदारी: CM

सीएम ने कहा कि हमारी पहली जिम्मेदारी वन्यजीवों से लोगों के जीवन को बचाना है, इसके लिए नई तकनीकी के इस्तेमाल पर विशेष ध्यान दिया जाए। जंगली जानवर आबादी क्षेत्रों में न आये, इसके स्थायी समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाए। वन्यजीवों की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में कैमरों के माध्यम से निरंतर निगरानी रखें, साथ ही ग्रामीणों के साथ अपना संवाद मजबूत रखें।

बस्तियों के आस पास झाड़ियों को किया जाए साफ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बस्तियों के आस पास झाड़ियों को विशेष अभियान चलाकर साफ किया जाए, साथ ही सीएम ने कहा बच्चों और महिलाओं को विशेष तौर पर वन्य जीवों की मौजूदगी को लेकर जागरुक किया जाए।

Sakshi Chhamalwan

Sakshi Chhamalwan उत्तराखंड में डिजिटल मीडिया से जुड़ीं युवा पत्रकार हैं। साक्षी टीवी मीडिया का भी अनुभव रखती हैं। मौजूदा वक्त में साक्षी खबरउत्तराखंड.कॉम के साथ जुड़ी हैं। साक्षी उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल के साथ साथ, देश, दुनिया, और धर्म जैसी बीट पर काम करती हैं।
Back to top button