
हरिद्वार में बदमाशों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में 4 अगस्त की शाम रामनगर चौक के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब बाइक सवार युवकों ने सड़क पर खुलेआम फायरिंग कर एक व्यक्ति को गोली मार दी। जिसके बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।
रुड़की में सड़क पर खुलेआम फायरिंग
घटना 4 अगस्त की शाम का है, जब दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर सड़क पर विवाद हो गया। बाइक सवार दोनों गुटों में पहले मारपीट हुई, फिर अचानक एक युवक ने देसी तमंचा निकालकर दूसरे पक्ष को धमकाते हुए फायर झोंक दिया। घटना के बाद घायल को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
तीन आरोपी अरेस्ट
पुलिस ने तत्काल आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू की और दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सोहेब निवासी देवबंद, गुलशेर निवासी पाडली गुर्जर गांव और जान मोहम्मद निवासी चरथावल क्षेत्र के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से पुलिस ने घटना में इस्तेमाल एक देसी तमंचा भी बरामद किया है।
ये भी पढ़ें : कार सवार लोगों पर अज्ञात युवकों ने की फायरिंग, एक को लगी गोली, दो को लाठी-डंडों से किया घायल
रुड़की गोलीकांड का CCTV आया सामने
सड़क पर हुई फायरिंग और मारपीट की यह पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने घटना का वीडियो जारी किया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।