राहुल के बयान पर भाजपा ने कहा, हरकतों से बाज नहीं आ सकते राहुल, हर यात्रा में किया भारत का अपमान

छह दिन के लिए अमेरिका गए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार सुबह भारतीयों से बातचीत करते हुए मोदी सरकार पर जमकर हमला किया। इतना ही नहीं उन्होंने यह तक कह डाला कि मोदी भगवान को भी बता सकते हैं कि क्या करना है। इस बयान पर अब भाजपा ने पलटवार किया है।
हरकतो से बाज नहीं आ सकते राहुल
भाजपा पार्टी की तरफ से राहुल गांधी के बयान के बाद कहा गया कि राहुल अपनी हरकतों से बाज नहीं आ सकते। वह भारत का का अपमान करने का कोई मौका नहीं छोड़ते हैं। हर विदेश यात्रा में वह अपनी गलतियों को दोहराते हैं।
अनिल विज ने घेरा
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि दुनिया भर के देशों के नेता हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते नहीं थकते और हमारे देश का एक अदना सा नेता राहुल गांधी विदेशी धरती पर जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपमानित करता है। ऐसे नेता का हर भारतवासी को बहिष्कार करना चाहिए।
हर यात्रा मे किया भारत का अपमान- अनुराग ठाकुर
वहीं, अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी की हर यात्रा में भारत का अपमान किया जाता है। इस बार की प्रायोजित विदेश यात्रा भी उसी दिशा में है, जहां वो अपमान तो पीएम मोदी का करना चाहते हैं, लेकिन अंत में देश का अपमान करने से नहीं हठते। उन्होंने आगे कहा कि अगर आप पहले के भी भाषण देखेंगे तो वह भारत को राष्ट्र ही मानते ही नहीं है, वो तो राज्यों का संघ कहते हैं। साथ ही वह भारत के बढ़ते कदमों पर भी प्रश्नचिह्न करते हैं। ठाकुर ने राहुल पर सवालों की बौछार करते हुए कहा कि आखिर उनकी यात्रा का मकसद क्या होता है? वह विदेश यात्रा से क्या पाना चाहते हैं? क्या विदेश में कीचड़ उछालना ही काम रह गया है?