हल्द्वानी हिंसा के बाद से बनभूलपुरा में कर्फ्यू लागू कर दिया गया था। जिसके बाद इसमें ढील देते हुए सिर्फ रात को नाइट कर्फ्यू जारी करने के आदेश जारी किए थे। अब जिला प्रशासन ने नाइट कर्फ्यू में भी आम लोगों बूभूलपुरा में राहत दी है।
रात दस बजे से सुबह पांच बजे तक रहेगा नाइट कर्फ्यू
बनभूलपुरा इलाके में जिला प्रशासन ने कर्फ्यू में राहत देते हुए नए आदेश जारी किए हैं। अब इलाके में रात दस बजे से सुबह पांच बजे तक ही कर्फ्यू जारी रहेगा। इसके लिए जिलाधिकारी वंदना सिंह ने आदेश जारी कर दिए हैं। सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह ने बताया कि अतिक्रमण मुक्त स्थल के 100 मीटर के दायरे में ही अब कर्फ्यू जारी है। अब वहां के लिए भी यही व्यवस्था लागू रहेगी।
अजाज कुरैशी की संपत्ति को भी किया कुर्क
बता दें कि हल्द्वानी हिंसा में नामजद एक और आरोपी अजाज कुरैशी की संपत्ति को भी पुलिस ने रविवार को कुर्क कर लिया है। मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी अजाज कुरैशी गोपाल मंदिर के पास नई बस्ती का रहने वाला है और हिंसा में उस पर भी उपद्रव करने का आरोप है।
अब तक 58 की हुई गिरफ्तारी
अब तक हल्द्वानी हिंसा मामले में पुलिस ने 58 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस लगातार हिंसा के आरोपियों को दबोच रही है। अब भी नामजद आरोपियों में से सात आरोपी फरार हैं। पुलिस ने इन सातों आरोपियों के पोस्टर भी जारी किए हैं। हिंसा का मास्टर माइंड अब्दुल मलिक और उसका बेटा अब्दुल मोइद अभी भी फरार है।