नेपाल के विदेश मंत्री करेंगे अयोध्या में रामलला के दर्शन, देंगे ये पांच खास उपहार
नेपाल के विदेश मंत्री एन.पी.साउद भगवान रामलला के दर्शन करने आज अयोध्या जाएंगे। वे अपने साथ पांच चंद्राभूषण भी लेकर आए हैं जिसे वे रामलला को समर्पित करेंगे। रायसीना डायलॉग में हिस्सा लेने के लिए वे पिछले तीन दिनों से दिल्ली में हैं। विदेश मंत्री साउद अपनी यात्रा के आखिर में आज अयोध्या में राम लला के दर्शन करेंगे।
राम मंदिर में करेंगे विशेष पूजा
जानकारी के अनुसार नेपाल के विदेश मंत्री का अयोध्या के महर्षि बाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा स्वागत किया जाएगा। एयरपोर्ट से वह सीधे श्रीराम जनमभूमि मंदिर के लिए रवाना होंगे। नेपाल के विदेश मंत्री के साथ उनकी पत्नी ज्योत्सना साउद भी होंगी। राम मंदिर में दोनों लोग विशेष पूजा अर्चना करना वाले हैं।
विदेश मंत्री देंगे ये खास उपहार
रामलला की प्रतिमा के लिए नेपाल के विदेश मंत्री की तरफ से पांच प्रकार के चांदी के आभूषण अर्पण किए जाएंगे। इनमें धनुष, गदा, गलाहार, हाथ, पैर में पहने जाने वाले कड़ा आदि शामिल है। विदेश मंत्री साउद नेपाल सरकार के पहले मंत्री होंगे जो अयोध्या में दर्शन करने आ रहे हैं। रामलला के दर्शन के बाद नेपाल के विदेश मंत्री सरयू तट पर होने वाले संध्या आरती में भी शामिल होंगे। इसके अलावा हनुमानगढी मन्दिर में दर्शन करने के साथ साथ वे वहां के अन्य जगहों को भी देखने जाएंगे।