National

कर्नाटक में कांग्रेस जीत के नजदीक, पार्टी अध्यक्ष खरगे ने जताई खुशी, बीजेपी पर साधा निशाना

कर्नाटक विधानसभा चुनाव में आए अब तक के रुझानों में कांग्रेस जीत के नजदीक पहुंच चुकी है। राज्य में कांग्रेस की जीत से पार्टी के अध्यक्ष सहित सभी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर देखने को मिल रही है। वहीं कांग्रेस के पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होनें कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस की जीत पूरे राज्य में ‘जनता जनार्दन’ की जीत है।

खराब प्रशासन के खिलाफ जनता ने दिखाया गुस्सा

मल्लिकार्जुन खरगे ने जहां कांग्रेस की जीत को जनता की जीत बताया तो वहीं उन्होनें कहा कि राज्य मे जनता खराब प्रशासन से खफा है और गुस्से में ही जनता ने कांग्रेस को वोट दिए हैं। यही वजह है कि बीजेपी को कर्नाटक में हार का सामना करना पड़ा है। खरगे ने कहा कि लोगों ने खुद उठकर हमारा समर्थन किया है, इससे पता चलता है कि कर्नाटक के मतदाता जाग गए हैं।

पीएम और गृह मंत्री पर खरगे ने साधा निशाना

वहीं पार्टी के अध्यक्ष खरगे ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, दर्जनों मंत्रियों, अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों के यहां डेरा डाले रहने और जनशक्ति, धन और बाहुबल के इस्तेमाल के बावजूद लोगों ने एकजुट होकर कांग्रेस को वोट दिया है।

कांग्रेस के सभी नेता और कार्यकर्ताओं की तारीफ

पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बताया कि आज शाम तक आने के लिए सभी नव निर्वाचित विधायकों को एक संदेश भेजा है। वे सभी आज शाम तक यहां आ जाएंगे और उनके आने के बाद उन्हें नियत समय पर निर्देश दिया जाएगा। उसके बाद विचार-विमर्श करने के बाद सरकार गठन के लिए उचित प्रक्रिया का पालन होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का अच्छा प्रदर्शन एक जनता जनार्दन विजय था। वहीं कांग्रेस के पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की तारीफ करते हुए खरगे ने कहा कि सभी ने एकजुट होकर काम किया है, जिसका हमें यह परिणाम मिला है। लोगों ने इसका जवाब भी दिया है। साथ ही हमारी गारंटियों ने काम किया है। गरीबों और दलितों ने हमें वोट दिया है।

Back to top button