Nafe Singh Rathi हत्याकांड में हमलावरों ने बरसाई 50 से ज्यादा गोलियां, आरोपियों की तलाश जारी
इंडियन नेशनल लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष के नफे सिंह राठी और उनके सहयोगी कार्यकर्ता की रविवार शाम को बहादुरगढ़ में ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। घटना में गोली लगने से उनके दो सहयोगी गंभीर रुप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले में जरुरी कार्रवाई शुरु कर दी है।
हमला रविवार की शाम सांखोल बहादुरगढ़ के साथ बराही रोड रेलवे फाटक के पास हुआ। बताया गया है कि नफे सिंह अपने सहयोगियों के साथ कार में सवार होकर बराही गांव से लौट रहे थे। वह वहां एक परिवार के सामाजिक समारोह में भाग लेने गए थे।
रेलवे फाटक पर बरसाई गोलियां
सांखोल के निकट रेलवे फाटक पर अज्ञात हमलावरों ने गाड़ी में बैठे नफे सिंह राठी और उनके सहयोगियों पर गोलीबारी शुरु कर दी। नफे सिंह कार में आगे चालक के साथ वाली सीट पर बैठे थे। हमले से उनकी और उनके सहयोगी कार्यकर्ता गांव मांडोठी निवासी जयकिशन दलाल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कार चालक संजय और संजीत निवासी कबलाना गंभीर रुप से घायल हो गए। हमलावर आई-20 कार में सवार होकर चले गए थे।
मौके पर गोलियों के 18 खोल मिले
बताया जा रहा है कि 50 से ज्यादा गोलियां बरसाई गई हैं। मौके पर गोलियों के 18 खोल मिल चुके हैं। गाड़ी पर भी 15 से ज्यादा गोलियों के निशान हैं। कार चालक संजय के हाथ और पैर में गोली लगी है। संजीत को भी शरीर के कई अंगों पर गोलियां मारी गई हैं। घायलों को शहर को ब्रहाशक्ति अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आरोपियों की तलाश जारी
अस्पताल के निदेशख और सर्जन डॉ. मनीष शर्मा ने नफे सिंह राठी और जयकिशन की मौत होने की पुष्टि की है। प्रदेश इनेलो प्रमुख नफे सिंह राठी पर हुए हमले पर झज्जर के एसपी अर्पित जैन ने कहा, हमें फायरिंग की एक घटना की सूचना मिली। सीआईए और एसटीएफ की टीमें काम कर रही हैं। आरोपियो को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।