भारतीय जनता पार्टी मोदी सरकार के आज नौ साल पूरे हो गए हैं। इस खास मौके पर आज 30 मई से 30 जून तक भाजपा पार्टी विशेष जनसंपर्क अभियान चलाएगी। वहीं 2024 के चुनावों पर नजर रखते हुए रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की थी और उन्हें जनता के साथ संपर्क करने के निर्देश दिए थे।
विशाल रैली से होगा संपर्क अभियान शुरू
30 मई को देश के पीएम नरेंद्र मोदी एक विशाल रैली के साथ इस संपर्क अभियान का शुभारंभ करेंगे। वहीं, 31 मई को पीएम मोदी की रैली होगी। जानकारी के मुताबिक चुनावी राज्यों मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में रैली आयोजित की जा सकती है। जानकारी के अनुसार मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर हर लोक सभा क्षेत्र में विशेष संपर्क अभियान चलाया जाएगा।
ये रहेगा कार्यक्रम
इस खास मौके पर सभी जिला, मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिसमें मोदी सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा। देश भर में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की 51 रैलियां होंगी। 396 लोकसभा सीटों पर जनसभाएं होंगी। जिनमें केंद्रीय मंत्री या पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी का होना अनिवार्य है। भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष, सांसद एवं विधायक भी इन रैलियों और जनसभाओं में शामिल होंगे। देश भर में एक लाख विशिष्ट परिवारों से संपर्क साधा जाएगा। हर लोकसभा में 250 विशिष्ट परिवारों से संपर्क किया जाएगा। प्रदेश के प्रभावशाली व्यक्तियों जैसे खिलाड़ी, कलाकार, उद्योगपति, शहीद एवं अन्य प्रसिद्ध परिवारों से संपर्क साधा जाएगा।
गुजरात में होगा “नागरिक कनेक्ट” योजना शुरू
वहीं भाजपा ने गुजरात के 26 लोकसभा क्षेत्रों में “नागरिक कनेक्ट” कार्यक्रम की योजना शुरू कर दी है। गुजरात भाजपा उपाध्यक्ष गोरधन जदाफिया ने मध्य गुजरात की छह लोकसभा सीटों के निर्वाचित प्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों की वडोदरा में एक बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में 30 मई से शुरू होने वाले भव्य कार्यक्रम के लिए 30-दिवसीय रोड मैप तैयार किया गया।
गरीब-जरूरतमंदों को मिली विकास की धारा- सीतारमण
वहीं केंद्रीय वित्त मंत्री सीतारमण ने दावा किया कि मोदी सरकार नौ वर्षों में गरीब-जरूरतमंदों को विकास की धारा में ले आई है। सरकार के नौ वर्षों के दौरान 74 हवाईअड्डे, 15 एम्स, 7 आईआईटी और 3.5 करोड़ पक्के मकान के अलावा 11.72 करोड़ शौचालय बने। 9 करोड़ से अधिक लोगों को उज्ज्वला योजना का लाभ मिला, 80 करोड़ जनता को मुफ्त अनाज दिया गया, जबकि 220 करोड़ लोगों को देश भर में कोरोनावायरस वैक्सीन की डोज दी गई।। आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख तक का मुफ्त इलाज किया जा रहा है। वहीं सीतारमण ने कहा कि स्वच्छ नोट नीति के तहत 2,000 के नोट हटाए जा रहे हैं। उन्होंने पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम के संदेह को अनुचित बताकर कहा कि आरबीआई के फैसले पर शक करना और दोष लगाना ठीक नहीं है।
सीएम शिवराज ने कहा भारत के लिए वरदान है मोदी
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के विकास, गरीब कल्याण, प्रकृति और पर्यावरण को लेकर सोचते हैं। पूरी दुनिया में भारत की जय-जय हो रही है। नरेंद्र मोदी भारत के लिए भगवान का वरदान हैं। आज भारत विश्वगुरु बनने की ओर तेजी से अग्रसर है। सुरक्षित भारत और आत्मविश्वास से भरा भारत आज दुनिया को दिशा दिखा रहा है।