झारखंड के सीएम की गुमशुदगी का पोस्टर जारी, जानकारी देने वाले को बीजेपी देगी इनाम
झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन पर ईडी की गिरफ्तारी की तलवार लटकी हुई है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि सीएम सोरेन ईडी के डर से लापता हो गए हैं। बता दें कि सोमवार को ईडी की टीम ने दिल्ली स्थित हेमंत सोरेन के आवास पर रेड की थी। सोरेन तो वहां नहीं मिले लेकिन ईडी ने उनकी BMW कार और लाखों रुपये कैश को कब्जे में ले लिया। दूसरी ओर झारखंड भाजपा ने हेमंत सोरेन को गुमशुदा घोषित करते हुए पोस्टर जारी किया है और इनाम का भी ऐलान किया है।
सोरेन की गुमशुदगी का पोस्टर जारी
सीएम हेमंत सोरेन पर झारखंड बीजेपी अध्यक्ष मरांडी ने कहा है कि सीएम को ढूंढकर लाने वाले को हम 11 हजार रुपये का इनाम देंगे। साथ ही भाजपा X हेंडल से सीएम सोरेन की गुमशुदगी का पोस्टर भी जारी किया है। पोस्टर में लिखा है- गुमशुदा की तलाश, झारखंड के सीएम। नाम-हेमंत सोरेन, रंग सांवला, कद 5 फुट 2 इंच और पैर में चप्पल। पोस्ट में कहा गया है कि सोरेन परसों रात 2 बजे यानी कि 40 घंटो से लापता हैं। आखिरी बार 2 बजे रात में पैदल निकलते सुरक्षाकर्मियों द्वारा देखे गए हैं। जिन महानुभाव को इनकी जानकारी मिले शीघ्र दिए गए पते पर सूचित करें। जानकारी देने वाले को 11000 रुपये इनाम। पता- सीएम आवास, रांची।
धारा 144 लागू
वहीं राज्य में जारी राजनीतिक बवाल के बीच रांची में झारखंड के सीएम सोरेन के आवास, राजभवन और ईडी के कार्यालय के 100 मीटर के दायरे में सीआरपीसी की धारा 144 लागू कर दी गई है।