हल्द्वानी और बरेली हिंसा पर मायावती की प्रतिक्रिया, सरकार से की ये मांग
हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में और बरेली में हिंसा पर बसपा प्रमुख मायावती ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होनें शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर कहा कि सरकार इसकी उच्च स्तरीय जांच कराए और अमन-चैन कायम करे।
मायावती ने क्या दी प्रतिक्रिया
मायावती ने कहा कि उत्तराखंड राज्य के हल्द्वानी में हुई हिंसा और उसमें जान-माल की हुई क्षति अति-चिंतनीय है। अगर सरकार, प्रशासन व खूफिया तंत्र सतर्क होता है तो इस घटना को रोका जा सकता था। सरकार इसकी उच्च स्तरीय जांच कराए और अमन-चैन भी कायम करे। मायावती ने आगे लिखा कि उत्तराखंड से लगे यूपी के जिला बरेली आदि में भी आए दिन किसी ना किसी मुद्दे को लेकर यहां तनाव की स्थिति बनी रही है, जिसे समय रहते सरकार को नियंत्रित कर लेना चाहिए ताकि यहां भी शांति व्यवस्था बनी रहे।
हल्द्वानी और बरेली में माहौल खराब
बता दें कि हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में गुरुवार को अवैध मदरसा तोड़े जाने की कार्रवाई पर भड़की हिंसा में छह दंगाईयों की जान चली गई। भड़की हिंसा पर काबू पाने के लिए क्षेत्र में सख्ती बढ़ाई गई है। इसके बाद शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद बरेली में भी माहौल खराब करने की कोशिश की गई है। इस्लामिया मैदान में काफी संख्या में लोग श्यामगंज से होकर गुजरने की आशंका पर बड़ी तादाद में पुलिस बल लगाया गया था। पहले भी यहां पर तीन बार बवाल हो चुका है। इसके बावजूद इस अति संवेदनशील प्वाइंट पर पुलिस की तैनाती से कुछ ही दूरी पर खुराफातियों ने बवाल करके माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर दी।