Haridwar News

रूड़की : मदरसा के मुफ्ती पर गबन का आरोप, बिहार से बच्चों को अपहरण करके लाने का शक

रूड़की : मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के जैनपुर झंझेडी गांव मे मदरसा की सम्पत्ति को लेकर संचालकों के बीच कई दिनों से विवाद चला आ रहा है।

शनिवार को एक पक्ष ने मदरसे के मुफ्ती पर लाखों रुपए के गबन का आरोप लगाते हुए लंढौरा पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही हैं। वहीं कुछ लोग दोनों पक्षों में सुलह का प्रयास भी कर रहे हैं।

जैनपुर झंझेडी के लोगों का कहना है कि गांव में करीब सात साल पहले बच्चों को अरबी, उर्दू पढ़ाने के लिए एक मदरसा खोला गया था। ग्रामीणों का कहना है कि इसी दौरान बिहार निवासी मुफ्ती को मदरसे की देखभाल का जिम्मा सौंपा गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि मुफ्ती ने फर्जी रसीद छपवा कर दस लाख रुपये से अधिक रकम का गबन कर लिया है। यह भी आरोप है कि मुफ्ती ने बिहार से लाकर तीन बच्चों को रख रखा है। उन्हें शक है कि बच्चों को अपहरण करके लाया गया है। मोहब्बत अली, जहांगीर, शमीम, सबनूर आदि ने मामले की शिकायत एसडीएम और पुलिस से की है। एसडीएम के निर्देश पर लेखपाल प्रमोद कांबोज ने मौके पर पहुंच कर जांच की।

लेखपाल का कहना है कि मामले की रिपोर्ट एसडीएम को भेजी जा रही है। वहीं चौकी प्रभारी नितेश शर्मा का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।

Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें