UttarakhandHaridwar News

बेलड़ा प्रकरण में करन माहरा ने की पीड़ित परिवार से मुलाकात, कहा मामले में की जाए मजिस्ट्रियल जांच

हरिद्वार के रुड़की ब्लॉक के बेलड़ा गांव में अनुसूचित जाति परिवार के साथ घटी घटना के बाद अब कांग्रेस भी सतर्क हो गई है। बेलड़ा प्रकरण में गुरुवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने बेलड़ा गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हाल जाना।

माहरा ने की मजिस्ट्रियल जांच की मांग

कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और पूरी घटना की मजिस्ट्रियल जांच करवाने की मांग की है। इसके साथ ही एसएसपी हरिद्वार को हटाए जाने और दोषी पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की मांग की। माहरा ने कहा मामले में निष्पक्ष जांच के बाद दोषी चाहे जो भी हो उसे सजा मिलनी चाहिए।

ये था मामला

सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित बेलड़ा गांव में 11 जून की रात गांव में एक युवक का शव ट्रैक्टर-ट्रॉली के पास पड़ा मिला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। अगले दिन परिजनों और ग्रामीणों ने कोतवाली पहुंचकर गांव के ही लोगों पर युवक की हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा काटा था।

शाम होते होते पुलिसकर्मी युवक का शव छोड़ने गांव पहुंचे तो कुछ उपद्रवियों ने पुलिस की टीम पर पथराव और फायरिंग कर दो घरों में तोड़फोड़ करते हुए लूटपाट की थी। जिसके बाद दो इंस्पेक्टर और पांच पुलिसकर्मी घायल हुए थे। युवक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सड़क हादसा होना बताया गया था।

पुलिस द्वारा लाठीचार्ज को बताया दुर्भाग्यपूर्ण

माहरा ने कहा महिलाओं और बच्चों पर पुलिस द्वारा बर्बरता से लाठीचार्ज होना दुर्भाग्यपूर्ण है। अभी तक शासन प्रशासन के हाथ पीड़ित विधवा की मदद के लिए नहीं उठा है। जिन दो बच्चों ने अपना पिता खोया है। उनके लिए कोई मदद सरकार की ओर से नहीं मिली है। माहरा ने कहा पूरे प्रकरण में जो भी दोषी हैं उन पर सख्त कार्रवाई की जाए।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें