500 के टिकट पर ढाई करोड़ की लॉटरी, रिक्शेवाले बुजुर्ग की चमकी किस्मत, बैसाखी में मेहरबान भगवान
भगवान जब भी देता है तो छप्पर फाड़ कर देता है ये कहावत सुनी जरूर है लेकिन पंजाब के मोगा जिले में रहने वाले 90 वर्षीय गुरदेव सिंह के ऊपर ये सटीक बैठती है। क्योकि देर से ही सही लेकिन अपनी मेहनत के कारण उन्होनें ढाई करोड़ रूपए की लॉटरी जीती है।
बैसाखी पर खरीदा था 500 का टिकट
धर्मकोट के गांव लोहगढ़ में गुरदेव सिंह ने बैसाखी पर किस्मत आजमाते हुए 500 रुपए का बंपर टिकट खरीदा था। उन्हें क्या पता था कि ये 500 रुपए का टिकट उनकी किस्मत बदल देगा। इस टिकट से उन्हें ढाई करोड़ रुपए का इनाम लगा है।
500 रुपए के टिकट ने बनाया करोड़पति
रिक्शा चालक गुरदेव सिंह ने बताया कि अक्सर वह लॉटरी के टिकट खरीदता था, लेकिन उसे नहीं पता था कि इस बार जो लॉटरी का टिकट उसने खरीदा है वो उसे करोड़पति बना देगा। जिस एजेंट से गुरदेव सिंह ने 500 रुपए का बंपर टिकट खरीदा था, वो उसके घर आया और बताया कि उन्होंने ढाई करोड़ रुपए की लॉटरी लगी है। रिक्शा चालक गुरदेव सिंह का कहना है कि ये सब उनके सेवा भाव की वजह से हुआ है। वो पिछले 40 सालों से सड़कों पर होने वाले गड्ढ़ों में मिट्टी भरते थे ताकि कोई सड़क हादसा ना हो, और साथ ही सड़क के किनारे पेड़-पौधों को पानी देते थे। गुरदेव सिंह का कहना है कि जो 40 साल से उन्होंने सेवा की है उसका फल ही उन्हें मिला है।
बच्चों के लिए बनाएंगे घर
गुरदेव सिंह ने बताया कि उनके 4 बेटे और एक बेटी है। सभी बेटों और बेटी की शादी हो चुकी है। उन्होनें कहा कि परमात्मा ने उनकी सुन ली है और उनकी कृपा से आज उसने ढ़ाई करोड़ रुपए की लॉटरी जीती है। गुरदेव सिंह का कहना है कि वो इन रुपयों से अपने बच्चों के लिए एक अच्छा घर बनाएंगे। साथ ही गरीब लोगों की सेवा करेंगे।