पर्यावरण संरक्षण का उत्सव है लोकपर्व फूलदेई : राज्यपाल

देहादून: उत्तराखण्ड के प्रसिद्ध लोक पर्व फूलदेई के अवसर पर राजभवन पहुंचे बच्चों ने प्रकृति के साथ सुख-शान्ति और समृद्धि की शुभकामनाएं लेकर राजभवन की दहलीज पर फूल बरसाये। हाथों में आकर्षक फूलों की छोटी-छोटी टोकरियां थामे बच्चियों ने राज्यपाल बेबी रानी मौर्य को शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल ने बड़े उत्साह के साथ बच्चों का स्वागत किया और उन्हें चावल, अन्य अनाज एवं उपहार भेंट किए। राज्यपाल मौर्य ने बच्चों के खुशहाल एवं उज्जवल भविष्य की कामना की।
राज्यपाल ने कहा कि लोकपर्व फूल देई पर्यावरण संरक्षण का उत्सव है। फूलदेई त्यौहार राज्य का लोकपर्व है। यह लोकपर्व प्रकृति प्रेम एवं पर्यावरण सरंक्षण का संदेश देता है। हमें अपनी परम्पराओं तथा संस्कृति से भावी पीढ़ी को जोड़ना होगा। इस अवसर पर पद्मश्री डॉ. आरके जैन, कार्यक्रम के आयोजक यूथ ऑइकॉन क्रिएटिव फाउंडेशन के शशि भूषण मैठाणी, आचार्य विपिन जोशी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।