भारत जोड़ो न्याय यात्रा का यूपी में आज अंतिम दिन, लोकदल हुआ शामिल, अखिलेश भी देंगे साथ
भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आज उत्तर प्रदेश में अंतिम दिन है। यूपी में आज न्याय यात्रा आगरा में आकर थम जाएगी। इसके बाद यात्रा कुछ दिनों के विश्राम पर रहेगी और 2 मार्च को राजस्थान को धौलपुर से होते हुए मध्य प्रदेश के मुरैना में प्रवेश करेगी। यहां कमलनाथ यात्रा का स्वागत करेंगे, जिनके कुछ दिनों पहले बीजेपी में जाने के कयास चल रहे थे।
यात्रा में शामिल हुआ लोकदल
वहीं आज यात्रा में लोकदल भी शामिल हुआ। लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील सिंह ने अपने कई कार्यकर्ताओं के साथ भारत जोड़ो न्याय यात्रा से जुड़े। बता दें कि यह पार्टी जयंत चौधरी की राष्ट्रीय लोकदल से अलग पार्टी है। वहीं आगरा में सपा पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव भी यात्रा में शामिल होंगे।
अखिलेश भी देंगे यात्रा का साथ
कांग्रेस पार्टी के संचार महासचिव जयराम रमेश ने आज यात्रा शुरु करने से पहले कहा था कि दोनों दलों के गठबंधन होने से यात्रा को और भी ताकत मिलेगी। उन्होनें बताया था कि यात्रा के आगरा पहुंचने पर सपा प्रमुख इसका हिस्सा होंगे। वहीं इस दौरान एक जनसभा का भी आयोजन किया जाएगा, जिसे राहुल गांधी और अखिलेश यादव दोनों नेता संबोधित करेंगे।