

केरल में NEET 2022 मेडिकल प्रवेश परीक्षा में एक अजीबोगरीब मामला सामना आया है। यहां परीक्षा देने आई महिला अभ्यर्थियों की ब्रा उतरवा ली गई। ये सब सुरक्षा कारणों का हवाला देकर किया गया।
दरअसल ये पूरा खुलासा तब हुआ जब एक छात्रा के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामला केरल के कोल्लम जिले के एक नीट सेंटर का है। महिला सुरक्षा कर्मियों ने ‘मेटालिक हुक’ होने के कारण शिकायतकर्ता की लड़की को अपनी ब्रा हटाने के लिए कहा। कहा जा रहा है कि सुरक्षा जांच के दौरान ब्रा में लगे मेटल के हुक के चलते मेटल डिटेक्शन मशीन में बीप हुआ था। जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने लड़की को ब्रा उतारने के लिए मजबूर किया। इस शिकायत के बाद अब लगभग 100 लड़कियों ने यही शिकायत की है।
शिकायर्ता के अनुसार पीड़ित छात्रा ने अपनी मां को ब्रा निकालकर दी ताकि उसे परीक्षा में बैठने दिया जा सके। उसने खुद को ढकने के लिए शॉल भी मांगा था। कोल्लम पुलिस प्रमुख ने मीडिया को पुष्टि की कि लड़की के माता-पिता ने शिकायत दर्ज कराई है।
मानसिक रूप से किया परेशान
लड़की के पिता ने कहा, “एक सुरक्षा जांच के बाद, मेरी बेटी को बताया गया कि मेटल डिटेक्टर से इनरवियर के हुक का पता चला है, इसलिए उसे इसे हटाने के लिए कहा गया। लगभग 90% छात्राओं को अपने इनरवियर को उतारकर एक स्टोर रूम में रखना पड़ा। परीक्षा लिखते समय उम्मीदवार मानसिक रूप से परेशान थे।”
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार करीब 100 लड़कियों को इस स्थिति का सामना करना पड़ा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक अन्य लड़की को अपनी जींस उतारने के लिए कहा गया क्योंकि उसमें धातु के बटन और जेब थीं। छात्राओं के अनुसार, जब वे परीक्षा देकर बाहर निकलीं तो उन्हें सारे अंडरगारमेंट्स डिब्बों में एक साथ फेंके हुए मिले।
NEET परीक्षा का प्रोटोकॉल
परीक्षा प्रोटोकॉल के हिसाब से परीक्षा केंद्र में किसी भी छात्र-छात्रा को धातु की वस्तु या सामान पहनने की अनुमति नहीं है। इसे परीक्षा में धोखाधड़ी से बचने का उपाय बताया जा रहा है। एडवाइजरी में बेल्ट का जिक्र तो है, लेकिन ब्रा जैसे अंडरगारमेंट्स का जिक्र नहीं है।
केरल करेगा शिकायत
इस मामले पर केरल की उच्च शिक्षा मंत्री आर बिंदू ने सोमवार को कहा कि ऐसी घटना को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। हम एग्जाम सेंटर और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी से (NTA) से शिकायत करेंगे। NTA शैक्षणिक संस्थानों के लिए प्रवेश परीक्षा कराती है।