कर्नाटक में आज 24 विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। इससे पहले आठ मंत्री शपथ ले चुके हैं। 20 मई को कर्नाटक में मुख्यमंत्री और उनके डिप्टी के साथ आठ मंत्री पहले ही शपथ ले चुके हैं और आज 24 विधायकों के साथ कर्नाटक कैबिनेट में मुख्यमंत्री सहित कुल 34 मंत्री हो जाएंगे।
ये विधायक ले सकते हैं मंत्री पद की शपथ
आज शपथ लेने वाले संभावित मंत्रियों की सूची में दिनेश गुंडु राव, कृष्णा बायरे गौड़ा, ईश्वर खंड्रे, रहीम खान, संतोष लाड, के एन राजन्ना, पीरियापट्टन वेंकटेश, एचसी महादेवप्पा, बैराथी सुरेश, सी पुट्टारंगशेट्टी शामिल हैं। शिवराज तंगड़ी, आर बी तिम्मपुर और बी नागेंद्र, ये सभी सिद्धारमैया के करीबी माने जाते हैं।
वहीं लक्ष्मी हेब्बलकर, मधु बंगारप्पा, डी सुधाकर, चेलुवाराय स्वामी, मनकुल वैद्य और एम सी सुधाकर भी शामिल हैं, ये सभी शिवकुमार के करीबी माने जाते हैं। उन्होंने कहा कि नए मंत्रियों की सूची में एच के पाटिल, शरणप्रकाश पाटिल, शिवनाना पाटिल, एसएस मल्लिकार्जुन के अलावा पार्टी आलाकमान द्वारा अनुमोदित शरणबसप्पा दर्शनापुरा भी शामिल होंगे। इसके अलावा, राज्य मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने वाले नए मंत्रियों की सूची में एकमात्र एमएलसी एन एस बोसेराजू के नाम को भी मंजूरी दी गई है।
कांग्रेस करती है ओछी राजनीति
नई संसद के उद्घाटन का बहिष्कार करने के कांग्रेस के फैसले पर कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि कांग्रेस को देश के व्यापक हित के बारे में सोचना चाहिए था लेकिन वे ओछी राजनीति में हैं, उन्हें भारत के विकास में कोई दिलचस्पी नहीं है। उन्हें भारत के भविष्य में कोई दिलचस्पी नहीं है।