बॉलीवुड के सुपरहिट गानों पर जुदा अंदाज में लिप-सिंक कर तंजानिया के भाई-बहन किली और नीमा पॉल सोशल मीडिया पर काफी पॉपुलर हो चुके हैं. इनके वीडियोज भारत में खूब पसंद किए जा रहे हैं। तंजानिया में रहते हुए भी ये दोनों भारतीयों के दिलों में राज कर रहे हैं। अब किली पॉल को हाल ही में तंजानिया में हाई कमिशन ऑफ इंडिया द्वारा सम्मानित किया गया।
भारतीय राजनयिक बिनाया प्रधान ने तंजानिया में हाई कमिशन ऑफ इंडिया के कार्यालय का दौरा करने वाले किली पॉल के साथ कुछ तस्वीरें भी शेयर कीं है। बता दें कि इंस्टाग्राम पर किली पॉल और उनकी बहन नीमा पॉल अक्सर बॉलीवुड गानों पर लिप-सिंक करते हुए वीडियो शेयर करते हैं। भाई-बहन की जोड़ी ने कई नेटिजन्स और सेलेब्स का दिल जीता है।
बिनाया प्रधान ने ट्विटर पर तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा कि, “आज @IndiainTanzania में एक खास दिन था; जहां फेमस तंजानियाई कलाकार किली पॉल ने अपने वीडियो के लिए लोकप्रिय भारतीय फिल्मी गीतों #IndiaTanzania पर लिप-सिंक करने के लिए भारत में लाखों दिल जीते हैं।”