पति- पत्नी बने चोर, टमाटर से लदी गाड़ी लेकर हुए फरार, तमिलनाडु से पुलिस ने किया गिरफ्तार

टमाटर महंगे हुए तो लोग सब्जी चोर भी बन गए। कर्नाटक के बेंगलुरु से एक मामला सामने आया है जहां बदमाशों ने टमाटर से भरी गाड़ी चुरा ली। बदमाशों ने इतनी चालाकी से चोरी की घटना को अंजाम दिया कि किसान और ड्राइवर को भनक भी नहीं लगी। वहीं पुलिस ने इस मामले में दंपति को गिरफ्तार कर लिया है।
.जानकारी के अनुसार बेंगलुरू के एपीएमसी यार्ड थाना क्षेत्र की घटना है। यहां चित्रदुर्ग जिले के हिरियुर से एक किसान शनिवार की रात करीब लाखों रूपये के टमाटर बोलेरो गाड़ी में भरकर कोलार मार्केट ले जा रहा था। तभी बोलेरो गाड़ी एक अन्य कार से टकरा गई। इस टक्कर में कार का शीशा टूटा। जिसके बाद कार सवार लोगों और बोलेरो में बैठे ड्राइवर और किसान का झगड़ा हो गया। कार सवार दोनों से 10 हजार रूपये की मांग कर रहे थे।
टमाटर की गाड़ी लेकर फरार
पुलिस का कहना है कि कार सवार ने जबरन बोलेरो के ड्राइवर और किसान को गाड़ी से उतार दिया और टमाटर लदी गाड़ी लेकर फरार हो गए। इसके बाद पीड़ितों ने पुलिस से इसकी शिकायत की। शिकायत में बताया गया कि गाड़ी में 210 कैरेट टमाटर भरे हुए थे, जिनकी कीमत करीब दो लाख रुपए थी। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी और घटनास्थल की सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए। पुलिस ने आईपीसी की धारा 379 (चोरी) और 390 (डकैती) की धाराओं में मामला दर्ज किया।
हाइवे पर लूट गिरोह के सदस्य है दंपति
वहीं पुलिस ने टमाटर चोरी के मामले में पड़ोसी राज्य तमिलनाडु के एक दंपति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वेल्लोर में रहने वाले ये दंपति हाईवे पर लूट करने वाले गिरोह के सदस्य है। टमाटर चोरी के समय भी दंपति ने सोची समझी रणनीति के तहत पहले अपनी गाड़ी किसान की गाड़ी से टकराई और फिर नुकसान के पैसों की मांग करते हुए झगड़ा किया और इसी दौरान टमाटर लदी गाड़ी को लेकर फरार हो गए। आरोपियों की पहचान भास्कर और उसकी पत्नी सिंधुजा के रूप में हुई है। इनके तीन साथी अभी फरार हैं।