देशभर में कई राज्यों में भीषण गर्मी का कहर जारी है। अभी भी कई राज्यों के लोगों को तपती गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है। इस बार पहाड़ी राज्यों में भी गर्मी से तापमान काफी बढ़ा हुआ है।
भारतीय मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली के कुछ क्षेत्रों में अत्यधिक गर्मी और लू का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, बिहार और झारखंड में भी लू से लोगों को राहत नहीं मिलने वाली है। देश की राजधानी दिल्ली में आज सुबह 8.30 पर 38.8 डिग्री सेल्लियस तापमान दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने 19 जून को भी दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू की चेतावनी जारी की है।
हिमाचल प्रदेश में भी गर्मी से बुरा हाल
गर्मी से हिमाचल प्रदेश में भी बुरा हाल है। हिमाचल के कुछ इलाकों में अगले दो दिनों तक गर्म लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा राज्य के कुछ जगहों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
इस बीच मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग का कहना है कि मेघालय, असम, अरूणाचल प्रदेश, नागालैंड और मणिपुर में अगले तीन दिन से पांच दिन तक भारी बारिश हो सकती है।