UttarakhandBig News

चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले तैयारियों में जुटा स्वास्थ्य विभाग, जल्द मिलेगी अस्पताल की सौगात

चारधाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से तैयारियों में जुटा हुआ है। इसी क्रम में स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर राजेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि चारधाम यात्रा से पहले बदरीनाथ और केदारनाथ में अस्पताल शुरू हो जाएंगे। इन अस्पतालों के लिए उपकरण खरीदने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट से मंजूरी मिल चुकी है।

प्रशिक्षित मेडिकल टीम को किया जाएगा तैनात

स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर राजेश कुमार ने कहा कि यात्रा मार्ग पर अनुभवी और उच्च हिमालय में काम करने के लिए प्रशिक्षित मेडिकल टीम को तैनात किया जा रहा है, ताकि तीर्थ यात्रियों को तुरंत स्वास्थ्य सेवाएं मिल सके। इसके साथ ही तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वह चारधाम यात्रा से पहले अपने स्वास्थ्य का परीक्षण जरूर करा लें। स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि सीएम धामी और स्वास्थ्य मंत्री के निर्देशानुसार विभाग चारधाम यात्रा की तैयारियों में जुट गया है।

150 लोगों की मेडिकल टीम की जाएगी तैनात

चारधाम यात्रा को लेकर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई थी। उन्होंने बताया कि इस बार चारधाम में तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए लगभग 150 लोगों की मेडिकल टीम तैनात की जाएगी। इन्हें हाई एल्टीट्यूड में काम करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। डॉक्टरों की तैनाती 15-15 दिनों के लिए की जाएगी

यात्रियों से की स्वास्थ्य परीक्षण करने की अपील

स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर राजेश कुमार ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि देवभूमि में आपका स्वागत है। लेकिन यात्रा से पहले अपना स्वास्थ्य परीक्षण जरूर करा लें। हार्ट और बीपी के मरीजों के साथ ही गर्भवती महिलाएं भी अपना स्वास्थ्य परीक्षण करा कर ही यात्रा करें। स्वास्थ्य विभाग यात्रा पर आए सभी यात्रियों का स्वास्थ्य रिकार्ड रखेगा।

Sakshi Chhamalwan

Sakshi Chhamalwan उत्तराखंड में डिजिटल मीडिया से जुड़ीं युवा पत्रकार हैं। साक्षी टीवी मीडिया का भी अनुभव रखती हैं। मौजूदा वक्त में साक्षी खबरउत्तराखंड.कॉम के साथ जुड़ी हैं। साक्षी उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल के साथ साथ, देश, दुनिया, और धर्म जैसी बीट पर काम करती हैं।
Back to top button