हरिद्वार : घर पहुंची हैट्रिक गर्ल वंदना कटारिया, छलक उठे मां-बेटी के आंसू


डोईवाला : उत्तराखंड के हरिद्वार की बेटी भारतीय महिला हॉकी टीम की होनहार खिलाड़ी वंदना कटारिया ने ओलंपिक खेल में शानदार प्रदर्शन करने के बाद आज अपने गृह क्षेत्र लौटी तो खेल प्रेमियों ने गर्म जोशी के साथ वंदना कटारिया का स्वागत किया। उनकी बहन रचना कटारिया वंदना के वेलकम के लिए नोटों की माला लेकर एयरपोर्ट पहुंची थीं। घर पहुंची बेटी को देख मां की आंखों में आंसू छलक आए। वहीं मां को भावुक होता देख वंदना कटारिया के भी आँखों में आंसू छलके। इस भावुक पल ने उस समय को याद दिलाया जब गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा अपने परिवार से मिले और अपना मेडल मां पिता को पहनाया। इस दौरान नीरज और उनके माता पिता के भी आंखों में आंसू छलक आए।
बता दें कि दिल्ली से एयर इंडिया की फ्लाइट से 8 बजकर 45 मिनट पर वंदना कटारिया जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पहुंचीं। एयर पोर्ट से बाहर आने पर एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में जुटे खेल प्रेमियों ने वंदना कटारिया का फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया। वंदना कटारिया के साथ उनके परिवार के लोग भी मौजूद थे। एयरपोर्ट से वंदना कटारिया का काफ़िला कड़ी सुरक्षा के साथ भानिया वाला से होते हुए हरिद्वार केलिए रवाना हुआ। वहीं मां समेत पूरे परिवार ने वंदना कटारिया का आरती उतारकर स्वागत किया। इस दौरान वंदना कटारिया और उनकी मां की आंखों में आंसू छलक आए।
एयरपोर्ट पर वंदना कटारिया ने मीडिया से बात करते हुए ओलंपिक के अपने अनुभव को सांझा किया और भविष्य में और अच्छे प्रदर्शन से भारतीय महिला हॉकी को और ऊंचाई पर ले जाने की बात कही। एयरपोर्ट पर वंदना के स्वागत के लिए विधायक देशराज कर्ण वाल, ऋषिकेश की मेयर अनीता ममगाई, भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं के साथ वंदना की बड़ी बहन रचना और रीना के साथ तमाम लोगों मौजूद रहे।