प्रदेश के तीन खेल प्रशिक्षकों को द्रोणाचार्य अवॉर्ड और तीन खिलाड़ियों को देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार सहित कुछ अन्य पुरस्कारों केे लिए चयनित किया गया है। खेल निदेशालय की समिति ने पुरस्कारों के लिए नामों की सिफारिश कर सोमवार को अनुमोदन के लिए शासन को भेज दिया है।
शासन की हाईपावर कमेटी और खेल मंत्री के अनुमोदन के बाद पुरस्कारों के लिए नाम घोषित किए जाएंगे। मिली जानकारी के मुताबिक विभाग ने सोमवार को वर्ष 2019-20, 2020-21 एवं 2021-22 के लिए अवाॅर्ड के लिए नामों की सिफारिश कर शासन की हाईपावर कमेटी को भेज दी है।
द्रोणाचार्य अवाॅर्ड के लिए आठ और खेल रत्न के लिए 11 आवेदन
मिली जानकारी के मुताबिक खेल विभाग के अधिकारियों ने बताया की द्रोणाचार्य अवाॅर्ड के लिए विभाग को आठ और खेल रत्न पुरस्कार के लिए 11 आवेदन मिले हैं। जबकि लाइफ टाइम अचीवमेंट अवाॅर्ड के लिए छह आवेदन मिले हैं। निदेशालय की समिति ने इन नामों पर विचार कर शासन को भेज दिया है।
पिछले चार साल से नहीं मिल पाए थे पुरस्कार
खेल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक राज्य में कोविड एवं अन्य वजहों से पिछले चार वर्षों से खिलाड़ियों और खेल प्रशिक्षकों को पुरस्कृत नहीं किया जा सका था, लेकिन अब पुरस्कारों की घोषणा के बाद इन्हें सम्मानित किया जाएगा।
हिमालय पुत्र पुरस्कार के लिए नहीं मांगे गए आवेदन
हिमालय पुत्र पुरस्कार के लिए खिलाड़ियों को अभी इंतजार करना होगा। वर्ष 2022 में शासनादेश होने के बावजूद विभाग की तरफ से अभी इसके लिए आवेदन नहीं मांगा गया है।