राजस्थान में गैंगस्टर कुलदीप जघीना की गोली मारकर हत्या, बदमाशों ने पुलिस की आंखो में फेंकी मिर्च फिर हुए फरार

राजस्थान में गैंगस्टर कुलदीप जघीना की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने पहले पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्ची झोंकी और फिर गोली मारकर फरार हो गए। जिस दौरान बदमाशों ने गैंगस्टर कुलदीप को गोली मारी उस समय पुलिस कुलदीप को जयपुर से भरतपुर कोर्ट लेकर आ रही थी। बता दें कि भाजपा नेता कृपाल सिंह जगीना हत्याकांड में गैंगस्टर कुलदीप सिंह जगीना को गिरफ्तार किया गया था।
बदमाशों ने की 8-10 राउंड फायरिंग
भरतपुर के अमोली टोल प्लाजा के पास बदमाशों ने कुलदीप जघीना पर फायरिंग की। बदमाशों ने करीब 8-10 राउंड फायरिंग की। इस दौरान गोली लगने से जघीना की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस की टीम ने गैंगस्टर जघीना के शव को अस्पताल पहुंचाया। वहीं, घटना की सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद है।
कुलदीप को इस मामले में किया गिरफ्तार
भरतपुर शहर में काली बगीची शीशम रोड पर स्थित बड़े भूखंड पर विवाद चल रहा था। इस भूखंड का सेटलमेंट कर जमीन से जुड़े सभी लोगों को निकालकर कुलदीप सिंह जघीना बेशकीमती जमीन को खरीद कर करोड़ों का सौदा कर पैसा कमाना चाहता था। कृपाल सिंह और उसके साथियों ने इस जमीन पर न्यायालय से स्टे प्राप्त कर लिया था, जिसे लेकर दोनों में ठनी हुई थी। इस बात को लेकर कुलदीप और उसके साथियों ने कृपाल की गाड़ी को रोककर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी थी।