उत्तराखंड के नए नवेले प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल पूरे उत्साह में दिख रहें हैं। गणेश गोदियाल हाल ही में प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठे हैं और पूरे जोश में हैं। इसी जोश में उन्होंने भाजपा की तुलना अंग्रेजों से कर दी है। गणेश गोदियाल ने कहा है कि जैसे अंग्रेजों को भारत छोड़ना पड़ गया वैसे ही अब भाजपा को उत्तराखंड छोड़ना पड़ेगा।
देहरादून में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के ओल्ड मसूरी रोड पर कांग्रेस के चुनावी अभियान की शुरुआत के मौके पर गणेश गोदियाल ने ये बयान दिया है। इस दौरान हरीश रावत भी मौजूद रहे। इस दौरान कांग्रेस का झंडारोहण कर चुनावी अभियान की शुरुआत की गई है। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए गणेश गोदियाल ने पहले दिन को अंग्रेजो भारत छोड़ो का उदाहरण देते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि भाजपा को भी उत्तराखण्ड़ छोड़कर जाना होगा उत्तराखण्ड़ की सरकार भाजपा ने लोगों को बांटकर और जुमलेबाजी कर कब्जाई हुई सत्ता है।
बारिश के बावजूद पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को देख उत्साहित गणेश गोदियाल ने दावा किया है कि भाजपा सरकार के दिन अब पूरे हो गए हैं। गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि भाजपा की सरकार सिर्फ मुख्यमंत्री बदलने वाली सरकार है। तीन तीन मुख्यमंत्री दे दिए। उन्होने कहा कि, बेरोजगार सड़कों पर भटक रहें हैं और अहंकार में चूर केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारें लोगों का उत्पीड़न कर रहीं हैं।