Gabriel Atal फ्रांस के नए सबसे युवा प्रधानमंत्री बन गए हैं। जानकारी के अनुसार फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने मंगलवार को गेब्रियल अटल को देश का नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया है। इससे पहले गेब्रियल अटल ने शिक्षा मंत्री के रुप में अपनी सेवाएं दी है। 34 वर्ष की आयु में गेब्रियल अटल फ्रांस के सबसे युवा प्रधानमंत्री हैं।
Gabriel Atal राजनीति में उभरता हुआ सितारा
बता दें कि फ्रांस के नए पीएम अटल ने शिक्षा मंत्री के रुप में दुनियाभर में तब सुर्खियां बटोरीं जब उन्होनें घोषणा की थी कि मुस्लिम महिलाओं और लड़कियों द्वारा पहना जाने वाला परिधान अबाया को फ्रांस के सरकारी स्कूलों में प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। उन्होनें कहा था कि नई नीति नए स्कूल वर्ष की शुरुआत में लागू होगी। इससे पहले अटल फ्रांस के आधुनिक इतिहास में सबसे कम उम्र के शिक्षा मंत्री के रुप में आसीन हुए थे और अब वे प्रधानमंत्री बन गए हैं। उन्हें फ्रांसीसी राजनीति में एक उभरता हुआ सितारा माना जा रहा है।
पीएम एलिजाबेथ बोर्न ने अपने पद से दिया इस्तीफा
इससे पहले राजनीतिक उथल पुथल के बीच फ्रांस की प्रधानमंत्री एलिजाबेथ बोर्न ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे का कारण नए इमिग्रेशन कानून पर हालिया राजनीतिक तनाव को माना जा रहा है। इसी के साथ राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के लिए आने वाले दिनों में नई सरकार नियुक्त करके नई गति हासिल करने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।