National

जी-20 की बैठक आज से श्रीनगर में शुरू, कई राष्ट्र होंगे शामिल, कड़ी सुरक्षा लागू

कड़ी सुरक्षा के बीच आज से श्रीनगर में डल झील के किनारे शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में जी-20 पर्यटन कार्यसमूह की बैठक शुरू हो गई है। बैठक में विभिन्न राष्ट्रों के 60 से अधिक प्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक को लेकर कड़ी सुरक्षा लागू की गई है। डल झील में मार्कोस कमांडो का पहरा है। बता दें कि जी20 बैठक यहां 22 से 24 मई तक होगी।

कई इलाकों में एनएसजी कमांडो का डेरा

जी-20 की बैठक को देखते हुए लालचौक समेत शहर के कई इलाकों में एनएसजी कमांडो ने डेरा डाल रखा है। डल झील के किनारे बुलवर्ड रोड पर तीन दिनों तक यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वहीं अंतरराष्ट्रीय सीमा से लेकर नियंत्रण रेखा तक अलर्ट जारी है। सीमावर्ती जिले कठुआ, सांबा, जम्मू, राजोरी, पुंछ, बारामुला, कुपवाड़ा व बांदीपोरा में आईबी व एलओसी पर जवानों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है। जी-20 में शामिल होने वाले प्रतिनिधि परी महल, चश्माशाही तथा मुगल गार्डन का दौरा करेंगे। इसके साथ ही वे पोलो व्यू मार्केट का भी दौरा करेंगे जिसका हाल ही में जीर्णोद्धार किया गया है।

ये होगा सम्मेलन में खास

सम्मेलन के पहले दिन दोपहर बाद प्रतिनिधियों का एसकेआईसीसी में आगमन होगा। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों से उनका स्वागत होगा। क्राफ्ट बाजार में स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी में प्रतिनिधियों को देखने का मौका मिलेगा। अगले दिन आर्थिक विकास व सांस्कृतिक संरक्षण के लिए फिल्म पर्यटन विषय पर सत्र होगा जिससे फिल्म पर्यटन को बढ़ावा मिल सके। इसके साथ ही ईको टूरिज्म पर भी एक अलग सत्र होगा।



Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें