26 जनवरी गणतंत्र दिवस पर फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रों होंगे मुख्य अतिथि

हर साल धूमधाम के साथ भारत गणतंत्र दिवस मनाता है। 26 जनवरी को पूरे देश में देशभक्ति की लहर दौड़ती है। ऐसे में इस बार 26 जनवरी 2024 को गणतंत्र दिवस के मौके पर फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रों को मुख्य अतिथि के रुप में बुलाया गया है।
बता दें, भारत ने अगले वर्ष जनवरी में क्वाड नेताओं के शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने के तहत गणतंत्र दिवस समारोह के लिए राष्ट्रपति बाइडन को आमंत्रित किया था। हालांकि, उन्होनें कुछ कारणों के चलते यहां आने में असमर्थता जताई। इसके बाद फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों को गणतंत्र दिवस के मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया है।
जुलाई में फ्रांस गए थे पीएम मोदी
बता दें कि इससे पहले पीएम मोदी मैक्रों के आमंत्रण पर जुलाई में फ्रांस गए थे। बैस्टिल डे परेड में भाग लेने के दौरान दोनों नेताओं ने मुलाकात की थी। पीएम मोदी ने बैस्टिल दिवस समारोह में सम्मानित अतिथि के रुप में भाग लिया था। भारत और फ्रांस के बीच रणनीतिक साक्षेदारी की 25 वीं वर्षगांठ को मनाने के लिए पीएम मोदी ने फ्रांस का दौरा किया था।