देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह की राज्यसभा से विदाई हो गई है। इस दौरान कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने देश के पूर्व पीएम मनमोहन सिंह की राज्यसभा से विदाई पर एक भावुक पत्र लिखा है। अपने पत्र में खरगे ने पूर्व पीएम मनमोहन के योगदान को भी रेखांकित किया है। खरगे ने लिखा कि कैसे मनमोहन सिंह ने बहुत ज्यादा समर्पण और निष्ठा दिखाते हुए देश की सेवा की है और गरीबों के लिए काम किया है। उन्होनें लिखा कि मनमोहन सिंह ऐसे शख्स रहे हैं जिनकी सलाह को वह महत्व देते हैं।
एक युग का अंत हो गया
मनमोहन सिंह को संबोधित करते हुए खरगे ने लिखा तीन दशकों से ज्यादा समय तक सेवा करने के बाद आज जब आप राज्यसभा से सेवानिवृत्त हो रहे हैं, तो एक युग का अंत हो गया है। बहुत कम लोग कह सकते हैं कि उन्होंने आपसे अधिक समर्पण और अधिक निष्ठा से हमारे देश की सेवा की है। बहुत कम लोगों ने देश और उसके लोगों के लिए आपके जितना काम किया है।’
आप हमेशा ज्ञान का स्त्रोत रहे हैं
पत्र में खरगे ने लिखा, आपके मंत्रिमंडल का हिस्सा बनना मेरे व्यक्तिगत रुप से सौभाग्य की बात है। पिछले 10 सालों में जबकि मैं लोकसभा और राज्यसभा में कांग्रेस पार्टी का नेता रहा हूं, आप हमेशा ज्ञान का स्त्रोत रहे हैं और ऐसे व्यक्ति रहे हैं जिनकी सलाह को मैं महत्व देता हूं। पिछले कुछ सालों में, आपने व्यक्तिगत असुविधाओं के बावजूद कांग्रेस पार्टी के लिए उपलब्ध रहना सुनिश्चित किया है। इसके लिए पार्टी और मैं सदैव आभारी रहेंगे।