पटना जंक्शन को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला पूर्व CRPF का जवान गिरफ्तार, बार-बार कर रहा था कॉल

पटना में सोमवार की शाम को बार-बार एक शख्स ने पटना जंक्शन को बम से उड़ाने की धमकी दी। आनन-फानन में पटना जंक्शन को सुरक्षा घेरे में लिया गया। आरपीएफ ने राजकीय रेलवे पुलिस के साथ मिलकर तुरंत कार्रवाई की और पटना जंक्शन पर सर्च ऑपरेशन चलाया। हालांकि इस दौरान पुलिस को कुछ भी हाथ नहीं लगा। वहीं फोन कॉल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने आरोपी को सहरसा जिले से गिरफ्तार किया है। फोन पर झूठी धमकी देने वाला ये शख्स CRPF का पूर्व जवान है।
धमकी देने वाल पूर्व CRPF जवान है नशेड़ी
पटना जंक्शन को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला आरोपी पूर्व CRPF जवान है जिसका नाम राजेश यादव है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि ये बैजनाथपुर पुलिस शिविर के मुसहर्निया गांव का रहने वाला है। बीती रात सदर थाना के शिवपुरी मुहल्ले से इसकी गिरफ्तारी की गई। इसके पिता सीआरपीएफ से सेवानिवृत्त हुए हैं। वह भी सीआरपीएफ का जवान है। हालांकि, चार साल पहले उसने सीआरपीएफ की नौकरी छोड़ दी थी। ग्रामीणों के अनुसार, युवक अत्यधिक नशा करता है।
ट्रेनों में यात्रियों के सामान भी खंगाले
जानकारी के अनुसार बम की सूचना मिलते ही पटना जंक्शन के सभी 10 प्लेटफॉर्म पर सुरक्षा बलों ने सघन तलाशी ली। वहां तुरंत सभी प्लेटफॉर्म, वेटिंग हॉल, रेस्ट रूम, वॉशरूम, पार्किंग एरिया के अलावा आने-जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों के सामान की भी तलाशी ली गई हालांकि कुछ भी हासिल नहीं हुआ।