‘फ्लाइंग सिख’ के नाम से मशहूर प्रसिद्ध वेटरन एथलीट मिल्खा सिंह (Milkha Singh) का निधन हो गया है। वो कुछ दिनों पहले कोरोना संक्रमित हुए थे। हालांकि दो दिनों पहले उनके रिपोर्ट निगेटिव आई थी। लेकिन इसी बीच उनका निधन हो गया। पांच दिनों पहले ही मिल्खा सिंह की पत्नी का भी देहांत हुआ है। पत्नी की मौत के बाद से ही मिल्खा सदमे में थे।
‘फ्लाइंग सिख’ मिल्खा सिंह को कोरोना हुआ था। वह पहले मोहाली के निजी अस्पताल में काफी दिनों तक एडमिट रहे। उसके बाद उन्हें घर लाया गया। इसके बाद दोबारा तबीयत बिगड़ने पर उन्हें फिर से पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती करवाया गया था। तब से उनका पीजीआई में इलाज चल रहा था।
उनकी 2 दिन पहले कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आई थी और उनकी हालत में भी सुधार बताया जा रहा था। इसी बीच शुक्रवार सुबह से उनकी तबीयत बिगड़नी शुरू हो गई। उनका ऑक्सीजन लेवल भी घटकर करीब 56 रह गया था। जिसके बाद से उन्हें आईसीयू में रखकर बचाने की कोशिश की जा रही थी। देर रात करीब 11.30 बजे उन्होंने चंडीगढ़ पीजीआई में दम तोड़ दिया। फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह के निधन पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने दुख व्यक्त किया है।