यूपी के गाजियाबाद में एक महिला कांस्टेबल ने एक फौजी पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला ने सिहानी गेट कोतवाली पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है और फौजी पर शोषण का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने फौजी पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार महिला कांस्टेबल गौतमबुद्धनगर में तैनात है जिसने राजपुताना रायफर में तैनात फौजी के खिलाफ सिहानी गेट कोतवाली पुलिस में शिकायत की है। जानकारी मिली है कि पीड़िता और पीड़िता ने जिस फौजी पर आरोप लगाया है दोनों मूलरूप से बड़ौत के रहने वाले हैं। पीड़ित महिला कांस्टेबल ने पुलिस को बताया कि वह यूपी पुलिस में कॉन्स्टेबल के पद पर है औऱ फिलहाल ग्रेटर नोएडा में तैनात है। बताया कि करीब 3 साल से राजपुताना राइफल्स में तैनात फौजी सज्जन सिंह के साथ उसकी मुलाकात हुई और मुलाकात प्यार में बदल गई। आरोप लगाया कि फौजी सज्जन सिंह ने उसे शादी का झांसा देकर यौन शोषण किया।
महिला ने पुलिस को बताया कि प्रेमी फौजी उसे गाजियाबाद के सिहानी गेट कोतवाली क्षेत्र के एक होटल में ले जाता था और 3 साल से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करता रहा औऱ अब शादी से इंकार कर रहा है। महिला का कहना है कि उसका परिवार उसे बहू मानता है लेकिन अब उसकी शादी कहीं और तय करदी। वहीं जब इस बारे में पुलिस ने सज्जन सिंह से बात की तो उसने महिला कॉन्स्टेबल से शादी करने से साफ मना कर दिया। सिहानी गेट कोतवाल कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि फौजी सज्जन सिंह के खिलाफ दुष्कर्म के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।