बच्चों के विवाद में कूदे बड़े, जमकर चले लाठी डंडे, झूठा मुकदमा दर्ज करवाने के लिए किया ये कारनामा

हरिद्वार के रुड़की क्षेत्र में बच्चों के बीच हुए विवाद में बड़े कूद गए। मामला तब बढ़ गया जब मामूली विवाद हाथापाई में बदल गया। देखते ही देखते दो पक्षों में जमकर लाठी डंडे चलने लगे। किसी तरह पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत करवाया।
बच्चों के विवाद में कूदे बड़े
घटना गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित गुलाबनगर की है। रविवार देर रात बच्चों के विवाद में बड़ों में जमकर लाठी-डंडे चले। घटना की सूचना पाकर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामला शांत करवाया। मामले में सोमवार को एक व्यक्ति अपने 15 साल के खून से सने बेटे के साथ कोतवाली पहुंचा। व्यक्ति ने बताया कि दूसरे पक्ष ने उसके बेटे के सिर पर धारदार हथियार से हमला कर लहूलुहान कर दिया है।
बेटे के सिर पर मुर्गे का खून लगाकर पंहुचा कोतवाली
पुलिस ने जब बच्चे के सिर की जांच की तो कोई घाव नहीं था। जिसके बाद पुलिस ने व्यक्ति से कड़ाई से पूछताछ की। व्यक्ति ने बताया कि वह झूठा मुकदमा दर्ज करवाने के लिए बेटे के सिर पर मुर्गे का खून लगाकर आया था। सच्चाई पता चलने पर पुलिस ने उसे जमकर फटकार लगाई।
मामले की जांच जारी
जानकारी के अनुसार पूरे मामले को लेकर कोतवाली प्रभारी मनीष उपाध्याय ने बताया की व्यक्ति तहरीर देने के लिए कोतवाली पंहुचा था। लेकिन उसका झूठ चंद मिनट में पकड़ लिया। दोनों पक्षों को दोबारा विवाद करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। मामले की जांच की जा रही है।