ED ने समीर वानखेड़े के खिलाफ दर्ज किया केस, शाहरुख खान से 25 करोड़ की रिश्वत मांगने का आरोप
प्रवर्तन निदेशालय ने मुंबई एनसीबी के पूर्व जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े के खिलाफ मामाल दर्ज किया है। मामला मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दर्ज किया गया है। इस मामले में अब ईडी ने समीर वानखेड़े के खिलाफ जांच शुरु कर दी है। इसके अलावा केंद्रीय एजेंसी ने एनसीबी के तीन अधिकारियों को भी पूछताछ के लिए बुलाया है।
25 करोड़ की रिश्वत मांगने का आरोप
बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय ने मादक पदार्थ संबंधी मामले में अभिनेता शाहरुख खान के बेटे को बरी करने के लिए उनके परिवार से कथित तौर पर 25 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगने के संबंध में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो की ओर से दर्ज प्राथमिकी का संज्ञान लेते हुए यह मामला दर्ज किया है। वहीं सीमा शुल्क और अप्रत्यक्ष कर काडर के भारतीय राजस्व सेवा के 2008 बैच के अधिकारी वानखेड़े ने ईडी द्वारा किसी भी दंडात्मक कार्रवाई से सुरक्षा का अनुरोध करते हुए बंबई उच्च न्यायालय का रूख किया है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, कॉर्डेलिया क्रूज जहाज से दो अक्टूबर 2021 को कथित रुप से मादक पदार्थ मिलने के मामले में आर्यन खान को गिरफ्तार किया गया था। इसी मामले में आर्यन को बरी करने के लिए रिश्वत की मांग के आरोप लगाए गए हैं।
सीबीआई ने एनसीबी की एक शिकायत पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रिश्वतखोरी से संबंधित प्रावधानों के अलावा भारतीय दंड संहिता की धाराओं 120-बी और 388 के लिए वानखेड़े और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया था। एनसीबी ने एक साल बाद क्रूज पर मादक पदार्थ मिलने के मामले में 14 आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया था, लेकिन आर्यन खान को क्लीन चिट दे दी थी।