देश में मूसलाधार बारिश और बाढ़ से उत्तर भारत के सात राज्य प्रभावित हुए हैं। वहीं केंद्र शासित प्रदेश दिल्ली में बारिश से यमुना का जलस्तर काफी बढ़ गया है। जिससे कई इलाकों में पानी भर गया है। दिल्ली में बारिश की आफत से लोग काफी परेशान हैं।
नदियां उफान पर, 24 घंटे में 44 मौत
हिमाचल, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली में सभी प्रमुख नदियां उफान पर हैं। पहाड़ टूट रहे हैं और सड़कें बह रही हैं। बीते 24 घंटे में विभिन्न राज्यों में 44 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। हिमाचल में 20 लोगों की मौत हुई है।
बारिश की तबाही में हजारों लोग फंसे
वहीं रास्तों का भी बुरा हाल है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में नेशनल हाईवे और स्टेट हाईवे समेत 900 से अधिक सड़कें बंद हैं। जिस कारण हजारों लोग रास्तें में फंसे हुए हैं। प्रभावित राज्यों में एनडीआरएफ की 39 टीमें तैनात की गई हैं। पंजाब में 14, हिमाचल में 12, उत्तराखंड में 8 और हरियाणा में 5 टीमें शामिल हैं। वहीं, राजस्थान में सिरोही, अजमेर, पाली और करौली समेत 14 जिलों में भारी बीते 24 घंटे में माउंट आबू में सबसे ज्यादा 231 मिमी बारिश दर्ज की गई।
हिमाचल में 4,000 करोड़ का नुकसान
वहीं हिमाचल में लगातार तीन से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण भारी तबाही देखने को मिल रही है। वहां लोगों का जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। आसमान से आफत बरस रही है। इसमें अब तक 59 लोगों की मौत हो चुकी है और 4,000 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है।
कुल्लू-मनाली, मंडी बारिश से आफत
कुल्लू-मनाली, मंडी और प्रदेश के ऊपरी इलाकों में हजारों लोग फंसे हुए हैं। अधिकतर जिलों में बिजली, फोन और इंटरनेट सेवा भी ठप है। कुल्लू में बादल फटने से 100 बीघा जमीन खड्ड में बदल गई। मनाली में कई वाहन बह गए। मंडी में ब्यास नदी उफान पर है। 113 घर खाली कराए गए। सात नेशनल हाईवे और 828 से ज्यादा सड़कें अब भी बंद हैं। जगह-जगह 403 बसें फंसीं हैं।
पंजाब में खाली कराए 50 गांव
पंजाब में बाढ़ की स्थिति के चलते पांच जिलों में 50 गांवों को खाली कराया गया है। लोगों को गुरुद्वारों में रखा गया है। जालंधर की फिल्लौर पुलिस अकादमी में सतलुज नदी का पानी घुस गया है। वहीं फतेहगढ़ साहिब के कॉलेज में पानी भरने से कई विद्यार्थी फंस गए, जिन्हें सुरक्षित निकाला गया है।
राजधानी दिल्ली में आ सकती है बाढ़
वहीं दिल्ली में यमुना का पानी खतरे के निशान 205.88 मीटर को पार कर गया है। यमुना किनारे के इलाकों से लोगों को बाहर निकाला जा रहा है। भारी बारिश को देखते हुए दिल्ली के प्राइमरी स्कूल मंगलवार को बंद रहेंगे। इसके अलावा, एमसीडी के सभी स्कूल भी बंद रहेंगे।
उत्तराखंड में 100 से ज्यादा सड़कें बंद
वहीं उत्तराखंड राज्य में बारिश और भूस्खलन के कारण बदरीनाथ हाईवे समेत 100 से ज्यादा सड़कें बंद हैं। सभी प्रमुख नदियां उफान पर हैं। हरिद्वार में गंगा खतरे के निशान के पास बह रही है। वही अन्य जिलों से भी बारिश से नुकसान की खबरें सामने आ रही है।