भारत में कोरोना का रूप विकराल और घातक हो चला है। आए दिन आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। बात चाहे उत्तराखंड की करें या यूपी की या फिर राजस्थान या मुंबई की। हर जगह मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। शनिवार आठ मई की सुबह स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटों में देश में कोरोना के कारण सबसे ज्यादा मृतकों की संख्या सामने आई है। पिछले 24 घंटों में 401078 कोरोना संक्रमण के नए केस सामने आए हैं, जबकि 4187 लोगों की मौत हुई है। मौत का ये आंकड़ा सर्वाधिक है। देश में एक बार फिर सारे रिकॉर्ड ध्वस्त हो गए हैं।
बता दें कि इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 2 करोड़ 18 लाख 92 हजार 676 हो गई है। वहीं मृतकों की कुल संख्या 2 लाख 38 हजार 270 हो गई है। वहीं कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या में पिछले 24 घंटों में 78 हजार 282 नए मरीजों का इजाफा हुआ है। इसके बाद एक्टिव मरीजों की संख्या 37 लाख 23 हजार 446 हो गई है। यह आंकड़े शुक्रवार सुबह 8 बजे से शनिवार सुबह 8 बजे तक के हैं।