अगले 24 घंटे में इन राज्यों में छाएगा घना कोहरा, यहां होगी बारिश और बर्फबारी, जानें अपने शहर का हाल

उत्तर भारत के कई राज्यों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटो में उत्तरी मध्य प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मेघालय में 10 और 11 दिसंबर को अलग-अलग स्थानों पर सुबह के समय घना कोहरा रहने की संभावना जताई है। वही दक्षिण भारत के कुछ स्थानों पर आज भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि रविवार को केरल और तमिलनाडु के अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
इन राज्यों में होगी बर्फबारी
मौसम विभाग ने अरूणाचल प्रदेश, सिक्किम, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, और जम्मू कश्मीर में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी की भविष्यवाणी की है। दिल्ली यूपी, बिहार, पंजाब, हरियाणा, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कोहरा पड़ा है। यूपी में दिन में ठंडी हवाएं चल रही हैं। इसकी वजह से ठंड बढ़ गई है।
राजधानी दिल्ली का मौसम
देश की राजधानी दिल्ली में भी तापमान लगातार गिर रहा है। राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री सेल्सियल कम है। मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार को धुंध छाए रहने की संभावना जताई है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 24 और नौ डिग्री सैल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दिल्ली में रविवार सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक बहुत खराब श्रेणी में दर्ज किया गया है।