आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने उधम सिंह नगर जिले से एकत्र होकर सीएनजी पेट्रोल पंप से लेकर जिला अधिकारी कार्यालय तक एक विशाल रैली का आयोजन किया। जिसमें जिलेभर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
रूद्रपुर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका मिनी कर्मचारी संगठन की जिला अध्यक्ष मनप्रीत कौर ने बताया कि विभिन्न मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने आज विशाल रैली निकाली गई है। इस रैली में 2000 से ज्यादा की संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं रुद्रपुर पहुंची थी।
18000 पर न्यूनतम मानदेय की मांग
संगठन की जिला अध्यक्ष मनप्रीत कौर ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को रखा तो गया है लेकिन कोई भी निश्चित मानदेय उन्हें नहीं दिया जाता है। 18000 पर न्यूनतम मानदेय और अन्य मांगों को लेकर आज उन्होंने यहां पर प्रदर्शन किया है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी के नाम संबोधित ज्ञापन उन्होंने एसडीएम रुद्रपुर को सौंपा है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का किया जा रहा शोषण
प्रदेश महामंत्री रणजीत अरोड़ा ने कहा चार मुख्य मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रूद्रपुर पहुंची। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में सबसे गरीब तबके की महिलाएं आती हैं और सरकार उनका भी शोषण करने में लगी है। आंगनबाड़ी कार्यकत्री मीरा बस ने कहा कि नारी शक्ति को बढ़ावा देने की बातें राज्य और केंद्र सरकार करती है लेकिन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का शोषण राज्य और केंद्र सरकार द्वारा किया जा रहा है।