देहरादन : सीमाद्वार से बड़ी खबर है। खबर मिली है कि आइटीबीपी के जवान की चौथी मंजिल से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इससे कॉलोनी में सनसनी फैल गई है। जवान को लेकर जानकारी मिली है कि वो मूल रूप से बुलंदशहर यूपी का निवासी था। पुलिस द्वारा उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है। आपको बता दें कि ये पहला मामला नहीं है जब जवान की मौत हुई है बल्कि ये एक सप्ताह के अंदर दूसरा मामला है। इससे पहले एक जवान की मशीन से घास करते समय करंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी।
मिली जानकारी के अनुसार यूपी, बुलंदशहर जिले की शिकारपुर तहसील में छतारी थाने के अंतर्गत ग्राम कानेन्नी पेगरामपुर निवासी जितेन्द्र कुमार (35 वर्ष) पुत्र रघुराज आइटीबीपी में जीडी कांस्टेबल थे। बीती रात करीब 10:30 बजे वह शहीद स्व. रामुलाल गेंगर बैरक की चौथी मंजिल में सोने गए थे। आज मंगलवार की सुबह करीब 6 बजे उन्हें बैरक के आंगन में पड़ा देखा गया। जिसके बाद साथी कर्मचारी उन्हें श्री महंत इंदिरेश अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर बसंत विहार पुलिस भी मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। प्रथम दृष्टया इसे हादसा माना जा रहा है। पुलिस के मुताबिक मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। इससे करीब 4 दिन पहले एक जीडी कांस्टेबल वीरेंद्र चंद पुत्र रमेश चंद ग्राम बीजपुर थाना खटीमा जिला उधम सिंह नगर हाल पता ऋषि बिहार सीमाद्वार देहरादून की आइटीबीपी परिसर में मौत हो गई थी। वह बीती 23 जुलाई की सुबह 7.30 बजे ऑफिसर मैस के लॉन में घास कटाई मशीन से काम कर रहे थे।अचानक करंट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें महंत इंदिरेश अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था। पुलिस के मुताबिक आइटीबीपी में घास कटाई इलेक्ट्रिक मशीन के तार के बाहर कोई सुरक्षा सम्बन्धी उपाय नहीं थे। इससे जवान को करंट लग गया था।