- Advertisement -
रुद्रपुर : सीएम आज ईएसआई अस्पताल और कोविड सेंटर का निरीक्षण करने पहुंचे तो वहीः दूसरी ओर कांग्रेसी विरोध करने को तैयार बैठे थे। जैसे ही सीएम तीरथ सिंह रावत कार्यस्थल के लिए रवाना हुए तो वही कांग्रेसियों ने हल्ला बोल किया। कांग्रेसी विरोध करने के लिए सीएम के कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ने लगे तभी इसी बीच नैनीताल रोड पर पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इससे आक्रोशित कांग्रेसियों ने हंगामा शुरू कर दिया और और जाम लगा दिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेसियों में जमकर नोंकझोंक हुई। पुलिस ने करीब तीन दर्जन कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर लिया।
प्रदेश में वैक्सीनेशन की व्यवस्था सही ना होने और स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव को लेकर पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तिलकराज बेहड़ के नेतृत्व में तमाम कांग्रेसी शुक्रवार को मुख्यमंत्री का विरोध करने के लिए उनके कार्यक्रम स्थल की ओर जुलूस के रूप में बढ़ रहे थे। पुलिस को इसकी भनक लगते ही नैनीताल रोड की घेराबंदी कर दी। जैसे ही जुलूस रोड पर आया कि पुलिस ने उन को समझाने की कोशिश की मगर कांग्रेसी समझने को तैयार नहीं हुए। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तिलकराज बेहड़ की पुलिस अधिकारियों से तीखी झड़प हुई।
बेहड़ ने कहा कि वे लोग मुख्यमंत्री से बात करना चाहते हैं लेकिन प्रशासन उन्हें रोककर लोकतंत्र की हत्या कर रहा है। विपक्ष की आवाज दवाई जा रही है। यह ठीक नहीं है। लोगों का वैक्सीनेशन नहीं हो पा रहा है इलाज के लिए अस्पतालों में बेड नहीं है, तीमारदारों को खुलेआम पीटा जा रहा है, इन तमाम अव्यवस्थाओं को लेकर वह मुख्यमंत्री से बात करना चाहते हैं, मगर प्रशासन उनको जाने से क्यों रोक रहा है यह समझ में नहीं आ रहा। उन्होंने अफसोस जताया यह पहला प्रदेश है जहां सरकार में स्वास्थ्य मंत्री है ही नहीं। कांग्रेसियों के हंगामे से हाइवे पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। अंततः करीब तीन दर्जन कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इन सभी को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम होने तक कोतवाली में रखा गया।
- Advertisement -