छत्रपति संभाजी महाराज के नाम पर होगा मुंबई में तटीय राजमार्ग, सीएम शिंदे की घोषणा

अब मुंबई की जीवन रेखा माने जाने वाले तटीय राजमार्ग का नाम छत्रपति संभाजी महाराज के नाम से जाना जाएगा। गेटवे ऑफ इंडिया पर छत्रपति संभाजी महाराज जयंती महोत्सव के आयोजन पर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने यह जानकारी दी।
छत्रपति महाराज की भव्य प्रतिमा होगी स्थापित
मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा, छत्रपति संभाजी महाराज का काम और बलिदान नई पीढ़ी का मार्गदर्शन कर रहा है और उन्हें प्रेरणा दे रहा है। वहीं उन्होनें बताया कि छत्रपति संभाजी महाराज के समाधि स्थल वढू बुद्रुक और तुलापुर दोनों की विकास योजना को क्रियान्वित किया जा रहा है। यह ऐतिहासिक धरोहर आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगी। मुंबई के तटीय राजमार्ग क्षेत्र में छत्रपति संभाजी महाराज की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
भव्य होगा छत्रपति महाराज का राज्याभिषेक
वहीं सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा, मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया पर पहली बार छत्रपति संभाजी महाराज की जयंती मनाना खुशी की बात है। महोत्सव के जरिए उनकी स्मृति प्रेरक और स्फूर्तिदायक है । छत्रपति संभाजी महाराज जयंती महोत्सव देशभर में मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री शिंदे ने बताया कि राज्य सरकार छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक समारोह को भव्य बनाने की तैयारी कर रही है।