चमोली – बीते दिन सोमवार को सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत चमोली के तपोवन पहुंचे जहां सीएम ने आपदा क्षेत्र का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों समेत शासन के अधिकारियों को रेस्क्यू और राहत बचाव कार्य के लिए जरुरी निर्देश दिए। वहीं मंगलवार सुबह सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत जोशीमठ में आईटीबीपी अस्पताल पहुंचे और वहां आपदा ग्रस्त क्षेत्र से सुरक्षित निकाले गए लोगों से मिले और उनका हालचाल जाना। वहां से निकलने के बाद सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि जिन 12 घायलों को रेस्क्यू किया गया है वो आईटीबीपी के इस अस्पताल में भर्ती हैं, सभी ठीक हैं। वहीं जानकारी मिली है कि टनल में 35 लोग फंसे होंगे।
अभी उम्मीद है कि टनल में फंसे लोग जीवित होंगे-सीएम
चमोली पहुंचे सीएम ने कहा कि अभी उम्मीद है कि टनल में फंसे लोग जीवित होंगे। सीएम ने कहा कि टनल बड़ी है इसलिए उम्मीद है कि वहां ऑक्सीजन होगी। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि रेस्क्यू टीम लगातार काम कर रही है। वहीं इसी के साथ भाजपा ने अपने 13 फरवरी तक पार्टी के सभी कार्यक्रम रद्द किये। इसी के साथ भाजपा पार्टी कार्यकर्ताओं की एक टीम खाद्यान्न सामग्री लेकर रैणी के लिए रवाना हुआ। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत जोशीमठ के रैणी गांव के लिए रवाना हुए और वहां आपदा क्षेत्र का जायजा लिया साथ ही लोगों से बातचीत की।
पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं से राहत कार्य में जुटने को कहा है। वह सोमवार को हल्द्वानी से सड़क मार्ग से जोशीमठ के रैणी गांव के लिए रवाना हुए। वहीं आज मंगलवार को जोशीमठ के आपदा प्रभावित क्षेत्र में पहुंचकर आपदा राहत कार्यों का जायजा लेंगे। साथ ही उन्होंने जिलाध्यक्ष चमोली रघुवीर सिंह बिष्ट और क्षेत्रीय विधायक महेंद्र भट्ट से फोन पर बात कर आपदा राहत कार्यों की जानकारी भी ली। भाजपा ने 13 फरवरी तक पार्टी के सारे कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं।